| रांची
चंदन भट्टाचार्य sportsjharkhand.com |
FIH हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर प्रतिस्पर्धा के तहत मंगलवार को खेले गए दिन के चौथे और पूल B के दूसरे मुकाबले में भारत ने इटली को 5-1 से पराजित कर सेमीफाइनल में अपना जगह पक्का कर लिया है। इस पूरे मैच के दौरान दर्शकों में गजब का उत्साह देखा गया। जीतेगा भाई जीतेगा इंडिया जीतेगा के नारे से पूरे स्टेडियम में अलग माहौल देखा गया। भारतीय टीम को दर्शकों का जोरदार समर्थन मिला।


बताते चलें कि खेल के पहले मिनट में ही भारत ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर बढ़त बनाई। यह गोल उदिता ने किया, वहीं दूसरा गोल 25वें मिनट में पेनाल्टी स्ट्रोक के जरिये दीपिका ने किया। इसी के साथ भारत का स्कोर 2-0 हुआ। ठीक इसके बाद 30वें मिनट में सलीमा टेटे ने फील्ड गोल दाग स्कोर 3-0 पर कर दिया। जबकि चौथा गोल नवनीत कौर ने फील्ड गोल 53वें मिनट में किया और इसी के साथ भारत 4-0 से बढ़त बना लिया। 5वां गोल भारत ने 55वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर को भुनाते हुए किया यह गोल उदिता ने किया और बढ़त 5-0 कर दिया,हालांकि मैच के आखरी एक सेकंड पहले इटली को एक पेनाल्टी कॉर्नर मिला और इस मौके को भुनाते हुए इटली ने एक गोल कर स्कोर 5-1 पर किया। इस मैच को भारत ने 5-1 से जीत लिया। 18 जनवरी को फाइनल में जगह बनाने के लिए भारत का मुकाबला वर्ल्ड नंबर 5 की टीम जर्मनी से भिड़ंत होगा।









