| रांची |
राज्य में खेलों का संचालन कर रहे प्रमुख खेल संघों में चुनाव का मौसम आ गया है। चुनावी मौसम में सबसे पहले झारखंड ओलंपिक संघ (JOA) कूद गया है और 1 मई से पहले झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) का चुनाव होना भी संभावित है। शनिवार, 22 मार्च को JOA महासचिव ने नोटिस जारी कर 13 अप्रैल को वार्षिक आम सभा सह वर्ष 2025-29 के चुनाव की तिथि मुकर्रर कर दी है। नोटिस में 26 मार्च की दोपहर 3 बजे तक सभी एफिलिएटेड राज्य खेल संघों, सभी रिकॉग्नाइज्ड राज्य खेल संघों और सभी एफिलिएटेड जिला ओलंपिक संघों को अपने प्रतिनिधियों के नाम भेजने का निर्देश दिया गया है। यही प्रतिनिधि AGM में हिस्सा लेंगे और चुनाव के दौरान प्रत्याशी व मतदाता की भूमिका में होंगे। खास बात ये है कि JOA के पिछले चुनाव तक रिकॉग्नाइज्ड राज्य खेल संघ नामक “वोटर” ग्रुप था ही नहीं। इस बार ये नई कैटेगरी जोड़ी गई है। इस कैटिगरी के तहत रिकॉग्नाइज्ड राज्य खेल संघ मात्र एक प्रतिनिधि का नाम अधिकृत कर सकते हैं जबकि एफिलिएटेड राज्य संघों को दो-दो प्रतिनिधियों के नाम। जिला ओलंपिक संघ भी एक प्रतिनिधि को अधिकृत कर सकता है।
वेबसाइट के अनुसार 34 राज्य खेल संघ और 24 जिला ओलंपिक संघ JOA से जुड़े
JOA की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार राज्य में 34 राज्य खेल संघ और 24 जिला ओलंपिक संघ जुड़े हुए हैं। 2021 के चुनाव की बात करें तो ये संख्या क्रमशः 35 और 23 थी। गोड्डा जिला ओलंपिक संघ का नाम सूची से बाहर था।
परिवारवाद थोपने की साजिश हुई तो चुनाव के आसार
JOA के 25 साल का इतिहास बताता है कि दो अपवादों (2009 मैथन, धनबाद और 2017 रांची) को छोड़ दें तो कभी भी चुनाव की नौबत नहीं आई। सब कुछ “सर्वसम्मति” सरीखा ही होता रहा। इस बार भी आसार यही हैं कि “सर्वसम्मति” हो जाए लेकिन इसमें एक पेंच भी है। पिछले 25 साल से जमे एक पदाधिकारी अपने अनुज को सत्ता का हस्तांतरण करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं, अगर ऐसा हुआ तो चुनाव अवश्यंभावी प्रतीत हो रहे हैं।
देखना रोचक होगा कि JOA का चुनाव IOA के बायलॉज और नेशनल स्पोर्ट्स कोड के तहत होता है या नहीं
हाल के दिनों में IOA द्वारा बिहार ओलंपिक संघ और कई राष्ट्रीय खेल महासंघों पर की गई कार्रवाई व विभिन्न न्यायालयों द्वारा दिए गए निर्णयों के आलोक में ये देखना रोचक होगा कि JOA का चुनाव IOA के बायलॉज और नेशनल स्पोर्ट्स कोड के तहत होता है या नहीं। अगर चुनाव IOA और नेशनल स्पोर्ट्स कोड के तहत होगा तो JOA की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।
JSCA में 1 मई से पहले चुनाव कराने की बाध्यता, संभावित प्रत्याशी जनसंपर्क में जुटे
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) में वर्ष 2025-28 के चुनाव 1 मई से पहले कराने की संवैधानिक बाध्यता है। चुनाव कितना हाई प्रोफाइल होना है ये आप इस बात से समझ सकते हैं कि ज्यादातर संभावित प्रत्याशी पिछले एक वर्ष से लंच/डिनर डिप्लोमेसी और डोर टू डोर/वन टू वन कैंपेन में जुटे हैं। पता हो कि दिवंगत अमिताभ चौधरी की अनुपस्थिति में ये पहला चुनाव है और उनके (अमिताभ चौधरी के) 20 चेले 50 भाग में बंटकर स्वयं को असली “हनुमान” साबित करने में जुटे हैं। अध्यक्ष पद के लिए पूर्व अध्यक्ष डॉक्टर नफीस अख्तर खान, पूर्व अध्यक्ष कुलदीप सिंह, पूर्व उपाध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव और सुनील साहू अपनी अपनी दावेदारी ठोकते हुए नजर आ सकते हैं वहीं सचिव पद के लिए वर्तमान सचिव देवाशीष चक्रवर्ती उर्फ पिंटू दा, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सौरव तिवारी, राजकुमार शर्मा और नंदू पटेल ताल ठोकते हुए नजर आ सकते हैं। जनसंपर्क के तौर तरीके को देखकर लगता है कि दो बड़े ग्रुप आमने सामने होंगे और कुछ दावेदार इन ग्रुपों से बाहर रहते हुए अपनी दावेदारी पेश करेंगे।







