| रांची |
भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धौनी की झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की आजीवन सदस्यता पर खतरे के बादल मंडरा रहे हैं। दरअसल JSCA अध्यक्ष संजय सहाय और सचिव देवाशीष चक्रवर्ती उर्फ पिंटू दा के बीच वार्षिक ऑडिट रिपोर्ट को लेकर अहम की लड़ाई सामने आने के बाद 31 अगस्त की तय समय सीमा के अंदर वार्षिक आम सभा (AGM) नहीं हो पाई। JSCA के संविधान की धारा 5 (iii) के अनुसार
5. Termination of Membership and Affiliation
a. Membership of the Association shall terminate for any of the following reasons.
i. By resignation or death
ii. By any disciplinary action taken by the Committee of Management.
iii. By failure to attend even one General Body meeting in five consecutive years.
नियम के अनुसार आजीवन सदस्यों को 5 सालों के अंदर एक जेनरल बॉडी मीटिंग (AGM) में भाग लेना अनिवार्य है। धौनी ने पिछले 4 AGM में हिस्सा नहीं लिया है। 31 अगस्त से पहले अगर AGM होती तो इस बैठक का हिस्सा बनना अनिवार्य होता। अब अध्यक्ष और सचिव के बीच लड़ाई का परिणाम ये है कि AGM की बैठक होगी नहीं और 5 वर्षों तक AGM का हिस्सा नहीं बनने के कारण महेंद्र सिंह धौनी की सदस्यता खतरे में पड़ती दिख रही है।
JSCA के नियमों के तहत अब AGM नहीं SGM बुलाने की बाध्यता
JSCA के नियमों के मुताबिक 31 अगस्त तक ही AGM बुलाने की बाध्यता है। इसके बाद विशेष आम सभा (SGM) ही बुलाने का प्रावधान है लेकिन जब स्व अमिताभ चौधरी का “युग” था तब 2019 में 31 अक्टूबर को AGM बुलाया गया था। ये वही AGM था जिसमें महेंद्र सिंह धौनी की सदस्यता पर मुहर लगी थी। हालांकि कमिटी ऑफ मैनेजमेंट (COM) को नियमों के अनुसार इसका अधिकार नहीं है लेकिन अमिताभ जी के पास नियमों से परे जाकर काम करने और उसे सही ठहराने का सामर्थ्य भी था। JSCA संविधान की धारा 20 (a) के अनुसार
20. Annual General Meeting
a) The Annual General Meeting of the Association shall be held every year not later than 31st August at such place and time as the President may fix.
sportsjharkhand.com की खबर के बाद 27 सितंबर 2019 को सदस्य बनाए गए थे धौनी
21 सितंबर 2019 को sportsjharkhand.com पर महेंद्र सिंह धौनी के JSCA के आजीवन सदस्य नहीं बनने की खबर छपने के बाद प्रबंधन पर भारी दबाव पड़ा। आनन फानन में 27 सितंबर की रात कमिटी ऑफ मैनेजमेंट की बैठक में धौनी को आजीवन सदस्य बनाने पर मुहर लगा दी गई।
सबा करीम, प्रदीप खन्ना समेत कई क्रिकेटरों की सदस्यता इसी नियम के कारण बलि चढ़ चुकी है
2013 में पूर्व क्रिकेटर सबा करीम व प्रदीप खन्ना की सदस्यता भी 5 साल तक बैठक में हिस्सा नहीं लिए जाने के कारण चली गई थी। सबा करीम, प्रदीप खन्ना के अलावा भी कई क्रिकेटरों की सदस्यता जाने अनजाने इस नियम के तहत जा चुकी है।
क्या कहते हैं JSCA के झंडाबरदार
कमिटी ऑफ मैनेजमेंट की बैठक में महेंद्र सिंह धौनी की सदस्यता बचाने के लिए जो कुछ भी ज़रूरी होगा किया जाएगा।
देवाशीष चक्रवर्ती, सचिव, JSCA
31 अगस्त तक AGM कराने की बाध्यता तो है लेकिन 31 अगस्त के बाद AGM नहीं होगा इसकी बाध्यता भी नहीं है। देखना होगा कि क्या कुछ किया जा सकता है।
मनोज कुमार, पूर्व उपाध्यक्ष, JSCA







