| रांची टीम sportsjharkhand.com |
राज्य स्तरीय नेहरू कप हॉकी प्रतियोगिता में बालक वर्ग की विजेता रही दोनों टीमें अंडर 15 में एस एस उच्च विद्यालय, सिमडेगा और अंडर 17 में संत मेरिज स्कूल, सामटोली, सिमडेगा के चार-चार खिलाड़ी जिला खेल पदाधिकारी (DSO) द्वारा किए गए जांच में ओवर एज पाए गए हैं। खिलाड़ियों की उम्र में एक से लेकर चार वर्ष तक का अंतर पाया गया है। DSO ने स्कूल प्रबंधन से नामांकन पंजी में दर्ज जन्म तिथि, आधार कार्ड और प्राचार्य द्वारा प्रतियोगिता में खेलने के लिए जारी की गयी सूची का मिलान किया तो ओवरएज खिलाड़ियों की पोल खुल गई। इसके अलावा DSO ने इसके अलावा सिविल सर्जन कार्यालय द्वारा सभी खिलाड़ियां की मेडिकल बोर्ड से जांच भी करवाई थी। मेडिकल जांच में भी पांच खिलाड़ी ओवर एज पाए गए हैं। पता हो कि सिमडेगा के पत्रकारों की शिकायत के बाद खेल निदेशालय में जिला खेल पदाधिकारी को पूरे मामले की जांच करने के निर्देश दिए थे।
DSO ने रिपोर्ट सौंपते हुए खेल निदेशक से मांगा मार्गदर्शन
DSO ने जो रिपोर्ट सौंपी है उसमें लिखा है
अतः उक्त परिप्रेक्ष्य में प्राप्त दोनों प्रतिवेदन के मिलान से संशय की स्थिति प्रतीत होता है। जिस कारण प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु टीम भेजने के संबंध में भवदीय के स्तर से निर्णय लेने और मार्गदर्शन देने की कृपा करें।
अब निर्णय निदेशक लेंगे
DSO के रिपोर्ट के बाद अब टीम के भेजे जाने पर निर्णय निदेशालय के स्तर से होगा। निदेशक ने पत्र लिखकर DSO को ही दोषी लोगों पर कार्रवाई करने और ओवरएज पाए जाने पर उपविजेता टीम को भेजने का निर्देश दिया था। लेकिन DSO ने अब अपनी रिपोर्ट निदेशालय को भेजकर मार्गदर्शन मांगा है।
(खिलाड़ियों के भविष्य का ध्यान रखते हुए ओवरएज खिलाड़ियों का नाम हम नहीं छाप रहे हैं)







