| रांची |
“नया मुल्ला प्याज ज्यादा खाता है” को चरितार्थ करते हुए झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC) खेल आयोजनों के नाम पर खेला करने में लीन हो गया है। मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के टेनिस स्टेडियम परिसर में 17 से 19 जनवरी तक U 19 बालक व बालिका SGFI की राष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिता की समाप्ति के बाद सोमवार, 20 जनवरी की रात टेनिस संघ और गार्ड की मनाही के बावजूद JEPC से जुड़े कर्मी केबल/तार काटकर 5 नेट अपने आकाओं को दिखाने के लिए लेते चले गए। मंगलवार की सुबह जब रोजाना अभ्यास करनेवाले खिलाड़ी (जिनमें एक IAS भी शामिल थे) टेनिस कोर्ट पर पहुंचे तो पता चला कि नेट गायब है। काफी मशक्कत के बाद पुराने नेट लगाकर अभ्यास शुरू हो पाया। बाद में गलती का एहसास होने पर JEPC के कर्मी भी पांच में से दो नेट लेकर पहुंचे।




आयोजन के लिए दोयम दर्जे की मंगाई गई थी नेट, नेट के साथ केबल/तार और अन्य सामग्रियां थी गायब
JEPC के कर्मी केबल/तार काटकर नेट तो लेकर चले गए लेकिन केबल/तार व अन्य सामग्री वहीं छोड़कर चले गए। कारण ये है कि JEPC के पसंदीदा खेल सामग्री वेंडर ने दोयम दर्जे का नेट तो उपलब्ध करा दिया था लेकिन समय पर नेट का केबल/तार और अन्य सामग्री उपलब्ध नहीं करा पाए। आयोजन में तकनीकी सहयोग करनेवाले झारखंड टेनिस संघ ने अन्य सामग्रियां उपलब्ध कराईं तब जाकर प्रतियोगिता संपन्न हुआ।
JEPC की लॉजिस्टिक टीम का कारनामा
जानकारी मिल रही है कि टेनिस प्रतियोगिता आयोजन से जुड़े लोगों की मनाही के बावजूद JEPC की लॉजिस्टिक टीम के दो उद्दंड कर्मियों ने इस कार्य को अंजाम दिया। उक्त दोनों कर्मियों ने स्टेडियम में मौजूद गार्ड्स के साथ बदसलूकी भी की।







