| रांची/गिरिडीह |
गिरिडीह जिला क्रिकेट संघ (GDCA) में सत्ता पर कब्जे की जो लड़ाई अभी चल रही है दरअसल वो पूर्व में किए गए भ्रष्टाचारों पर पर्दा डालने की एक सोची समझी रणनीति का हिस्सा है। ये हम नहीं बल्कि बैंक के डिटेल्स बता रहे हैं। sportsjharkhand.com के पास मौजूद दस्तावेज बता रहे हैं कि वर्तमान में सचिव पद पर दावेदारी करनेवाले संतोष तिवारी के बेहद करीबी गौतम कुमार के नाम पर 16 माह के दौरान GDCA के अकाउंट से 19 बार में 15,27,000 रुपए की निकासी की गई है। इतनी राशि किसी एक शख्स के नाम पर निकासी क्यों की गई ? समझना ज्यादा कठिन नहीं कि अपने चहेतों के नाम पर निकाली गई राशि की बंदरबांट हुई है। क्योंकि अगर किसी वेंडर को भुगतान करना होता तो सीधे उसके अकाउंट में भुगतान कर दिया जाता।
GDCA एक्जीक्यूटिव कमिटी की मंजूरी के बगैर ही 16 बार गौतम कुमार ने की 20 हजार रुपए से ज्यादा की निकासी
GDCA द्वारा JSCA में जमा कराए गए संविधान के प्रावधानों के तहत 20 हजार से ज्यादा राशि की निकासी और भुगतान के लिए एक्जीक्यूटिव कमिटी की मंजूरी अनिवार्य है। लेकिन बगैर मंजूरी के ही अकेले गौतम कुमार ने 16 बार 20 हजार रुपए से ज्यादा की निकासी की है। GDCA को ऐसी क्या जरूरत पड़ी की एक व्यक्ति के नाम पर इतनी रकम निकलनी पड़ी ?


कौन है गौतम कुमार ?
गौतम कुमार के बारे में पता चला है कि वो गिरिडीह के लिए संतोष तिवारी के शह पर U 16 और U 19 क्रिकेट खेल चुका है। अभी भी क्रिकेट ही खेल रहा है और संतोष तिवारी का काफी करीबी बताया जाता है और इसीलिए उसके नाम पर निकासी की गई है। गौतम किसी भी तरह के व्यवसाय से भी नहीं जुड़ा हुआ है जो उसे सर्विस के भुगतान के तौर पर इतनी रकम मिली हो।
अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष की बजाय उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के हस्ताक्षर से निकलते रहे रुपए
GDCA के संविधान के अनुसार बैंक से निकासी के लिए अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष अधिकृत हैं। इसमें भी कोषाध्यक्ष का हस्ताक्षर अनिवार्य है, कोषाध्यक्ष अध्यक्ष या सचिव के साथ मिलकर ही बैंक से जुड़े लेन देन के लिए अधिकृत हैं। कोषाध्यक्ष को छोड़कर कोई निकासी ही नहीं हो सकती लेकिन कुछ खास पदाधिकारियों ने एक साजिश के तहत अन्य पदाधिकारियों को अंधेरे में रखकर बैंक अकाउंट का संचालन अपने हाथों में ले लिया। यूनियन बैंक में एक अकाउंट के रहते हुए अप्रैल 2016 में सेंट्रल बैंक में बंद पड़े दूसरे अकाउंट 3531120131 को खोलवाया गया और इसमें अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष की बजाय सचिव रमेश कुमार यादव, संयुक्त सचिव संतोष तिवारी और कोषाध्यक्ष बबलू शर्मा हस्ताक्षर करने लगे। चार साल बाद कोषाध्यक्ष बबलू शर्मा को प्रोन्नत कर उपाध्यक्ष बना दिया गया लेकिन हस्ताक्षरी नहीं बदले। षड्यंत्र के तहत रुपयों की बंदरबांट के लिए पिछले दो-तीन वर्षों से GDCA के बैंक अकाउंट से निकासी उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव कर रहे हैं। जो एक आपराधिक षड्यंत्र का हिस्सा लगता है क्योंकि अभी कोषाध्यक्ष विक्रम कुमार सिन्हा हैं और वे बैंक में हस्ताक्षरी हैं ही नहीं, जबकि उनका हस्ताक्षर GDCA के नियमों के तहत अनिवार्य है।




गौतम कुमार द्वारा फरवरी 2022 से जून 2023 के बीच की गई निकासी
वर्ष : 2022
23 फरवरी : 17,000
15 मार्च : 1,00,000
23 मार्च : 2,00,000
25 मार्च : 1,00,000
30 मार्च : 28,000
3 जून : 1,00,000
17 जुलाई : 80,000
13 अगस्त : 30,000
16 दिसंबर : 1,20,000
वर्ष 2023
10 मार्च : 1,00,000
20 अप्रैल : 7,000
21 अप्रैल : 1,00,000
24 अप्रैल : 1,00,000
26 अप्रैल : 98,000
28 अप्रैल : 25,000
30 मई : 20,000
2 जून : 1,00,000
3 जून : 1,10,000
13 जून : 29000







