| रांची |
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की कमिटी ऑफ मैनेजमेंट (CoM) ने 29 अप्रैल को हुई बैठक में वोटर लिस्ट पर विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया था कि पिछले 5 वार्षिक आम सभा (AGM) में भाग नहीं लेने के कारण अयोग्य हो चुके 31 सदस्यों को नैसर्गिक न्याय के तहत आगामी वार्षिक आम सभा (AGM) में भाग लेने का अवसर दिया जाए। दरअसल जमशेदपुर में हुए पिछले AGM के दौरान महेंद्र सिंह धौनी को जूम के जरिए बैठक में भाग लेने का लिंक भेजा गया था। प्रशासनिक अक्षमता के कारण ये लिंक अन्य 11-12 सदस्यों के पास भी चली गई और उन्होंने भी बैठक में हिस्सा लिया। इसके बाद कई सदस्यों ने JSCA को ईमेल और फोन पर अपनी आपत्ति जताई थी और कहा था कि उन्हें भी लिंक मिला होता तो वे बैठक का हिस्सा होते। इसी को आधार मानते हुए CoM ने निर्णय लिया था। बुधवार को इसी को आधार बनाकर सचिव देवाशीष चक्रवर्ती ने रिटर्निंग अफसर को पत्र लिखकर वोटर लिस्ट से 31 सदस्यों को बाहर रखने का आग्रह किया था। गुरुवार को CoM की जूम पर हुई इमरजेंट बैठक में मामले का पटाक्षेप होने के बाद पूरी सम्भावना है कि शाम तक चुनाव की आधिकारिक घोषणा हो जाए।
CoM के निर्णय के अनुसार JSCA में TRDO, सेलेक्टर और सपोर्ट स्टाफ को वोटिंग का अधिकार नहीं
29 अप्रैल को CoM की बैठक में निर्णय लिया गया था कि जो लाइफ मेंबर JSCA की तनख्वाह/मानदेय/करार पर TRDO/सेलेक्टर/सपोर्ट स्टाफ के रूप में कार्यरत हैं, वैसे सभी आजीवन सदस्यों को वोटिंग का अधिकार नहीं रहेगा। इसे सर्वसम्मति से अनुमोदित भी किया गया लेकिन जो वोटरलिस्ट रिटर्निंग अफसर को दी गई है उसमें कई TRDO, सेलेक्टर और सपोर्ट स्टाफ की भूमिका निभा रहे आजीवन सदस्यों के नाम वोटर लिस्ट में शामिल हैं। संभव है इस विषय को लेकर भी विवाद की स्थिति बने।







