| रांची |
रविवार को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की वार्षिक आम सभा (AGM) में नियमों को ताक पर रखकर भारतीय रोल बॉल संघ के उपाध्यक्ष सह झारखंड रोल बॉल संघ के अध्यक्ष मनोज यादव को सीनियर सिलेक्शन कमिटी का चेयरमैन बनाए जाने की तैयारी है। JSCA के नियमों के अनुसार कोई भी पूर्व क्रिकेटर कुल मिलाकर 5 साल तक ही सिलेक्टर के रूप सेवा दे सकता है। मनोज यादव सिलेक्टर के रूप में अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं इसके बावजूद कमिटी ऑफ मैनेजमेंट उन्हें छठे साल के लिए सिलेक्टर बनाने पर तुली हुई है। ये JSCA के बायलॉज के 15(4) का खुल्लमखुल्ला उल्लंघन है।


दूसरे खेल संघ के सदस्य/पदाधिकारी किसी सब कमिटी का हिस्सा नहीं हो सकते
JSCA बायलॉज के क्लॉज़ 9(f) के अनुसार किसी भी दूसरे खेल संघ के सदस्य या पदाधिकारी JSCA की कमिटी ऑफ मैनेजमेंट और किसी भी सब कमिटी का हिस्सा नहीं हो सकते। मनोज यादव वर्तमान में भारतीय रोल बॉल संघ के उपाध्यक्ष के साथ साथ झारखंड रोल बॉल संघ के अध्यक्ष भी हैं। ये सर्वोच्च न्यायालय के द्वारा बनाए गए नियमों का उल्लंघन है और मनोज यादव पिछले कई वर्षों से इन नियमों को तोड़ते हुए सिलेक्शन कमिटी का सदस्य और चेयरमैन बने हुए हैं। इसका एक कारण मनोज यादव की राजनीतिक पृष्ठभूमि और राज्य की व्यवस्था भी है। 2019 में राज्य में JMM की सरकार बनी और मनोज यादव अगले ही वर्ष सिलेक्टर बना दिए गए। पता हो कि मनोज यादव वर्तमान में JMM का मीडिया के समक्ष पार्टी का पक्ष रखनेवाले 11 पदाधिकारियों की सूची में भी शामिल हैं। संभव है कि यही कारण हो कि मनोज यादव के लिए नियमों को ताक पर रखा जा रहा हो।




2003-4 में पहली बार सिलेक्टर बने थे मनोज यादव
JSCA के दस्तावेज बताते हैं कि मनोज यादव 2003-4 में पहली बार जूनियर सिलेक्शन कमिटी के सदस्य बने थे। इसके बाद 2020-21 और 2021-22 में भी सदस्य बनाए गए। फिर 2022-23 और 2023-24 में जूनियर सिलेक्शन कमिटी के चेयरमैन बनाए गए। (देखें पांचों वर्षों के दस्तावेज)

















