| रांची |
ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट सिल्वानुस डुंगडुंग, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी और चार बार की ओलंपियन तीरंदाज दीपिका कुमारी की तरह राज्य सरकार भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान ओलंपियन सलीमा टेटे और ओलंपियन निक्की प्रधान को हरमू में भूखंड आवंटित कर रही है। बुधवार को प्रोजेक्ट भवन के एनेक्सी भवन में आयोजित होनेवाले भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सलीमा टेटे और निक्की प्रधान को भूखंड के कागजात सौंपेंगे। इस दौरान राज्य सरकार के कई मंत्री भी मौजूद रहेंगे। सोमवार को खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम के आयोजन पर निर्देश दिए। पता हो कि झारखंड राज्य आवास बोर्ड ने 14 अगस्त 2024 को 74वीं बैठक में ये फैसला लिया था कि दोनों खिलाड़ियों को 3750 वर्ग फीट जमीन आवंटित किया जाएगा। जानकारी के अनुसार सलीमा टेटे को प्लॉट संख्या 10 बी व निक्की प्रधान को प्लॉट संख्या 10 ए आवंटित किया जाएगा।
दोनों खिलाड़ियों के परिजन व प्रशिक्षक भी होंगे सम्मानित
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को सलीमा और निक्की के परिजनों के अलावा प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किए जाने की योजना है। परिजनों व प्रशिक्षकों के ससम्मान लाने की तैयारी भी कर ली गई है। इसको लेकर खेल निदेशालय के अधिकारी तैयारी में जुट गए हैं। सलीमा के प्रथम कोच को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। हॉकी झारखंड से जुड़े रहे एक पदाधिकारी सलीमा के स्वयंभू प्रथम कोच होने का दावा कर रहे हैं जबकि हॉकी झारखंड ने ही 5 सितंबर 2021 को आयोजित AGM के दौरान एक प्रशिक्षक को सलीमा टेटे का पहला प्रशिक्षक बताते हुए पुरस्कृत किया है।







