| रांची |
मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रही महत्वाकांक्षी झारखण्ड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (JSSPS) की अकादमी से एक ‘गर्ल कैडेट’ सोमवार की दोपहर से बगैर कुछ बताए रहस्यमयी तरीके से लापता हो गई। sportsjharkhand.com ने शाम 7 बजे जब अकादमी के प्रबंधन का काम देख रही लोकल मैनेजमेंट कमिटि (LMC) के CEO विद्यार्थी जी व अन्य सदस्यों को ‘गर्ल कैडेट’ के लापता होने की सूचना दी तो प्रबंधन के होश फाख्ता हो गए। कैडेट को गायब हुए 5 घंटे हो चुके थे और प्रबंधन को इसकी जानकारी तक नहीं थी। लेकिन हॉस्टल की एक वार्डन और LMC की एक महिला पदाधिकारी को ये पता था कि ‘गर्ल कैडेट’ गायब है। LMC प्रबंधन ने शाम 7.25 बजे sportsjharkhand.com को बताया कि ‘गर्ल कैडेट’ छुट्टी लेकर अपनी बहन के पास मोरहाबादी स्थित घर पर है। sportsjharkhand.com ने ‘गर्ल कैडेट’ के मोरहाबादी में होने की तफ्तीश की तो पता चला कि ‘गर्ल कैडेट’ मोरहाबादी में अपनी बहन के घर पर नहीं है। इसके बाद LMC के अधिकारियों से आग्रह किया कि आप मोरहाबादी में मौजूद ‘गर्ल कैडेट’ की बहन से फोन पर बात कर हमें आश्वस्त करें कि ‘गर्ल कैडेट’ मोरहाबादी में सुरक्षित है। अगले 3 घंटे तक ‘गर्ल कैडेट’ का पता नहीं चला और हॉस्टल की वार्डन के हवाले से गंभीर व संवेदनशील विषय पर LMC के पदाधिकारी लगातार भ्रामक जानकारी देते रहे। रात 10.25 बजे LMC के सदस्यों ने बताया गया कि ‘गर्ल कैडेट’ ट्रेस हो गई है और वो मोरहाबादी नहीं बल्कि मांडर स्थित अपने माता-पिता के पास चली गयी है।
…फिर क्यों और किसे बचाने के लिए लगातार झूठ बोलता रहा LMC प्रबंधन ?
JSSPS का नियम है कि बगैर छुट्टी सैंक्शन हुए और अभिभावक के आए बगैर किसी भी कैडेट को घर जाने की अनुमति नहीं मिलती। कैडेट को अभिभावकों के हाथ में ही सौंपा जाता है। ‘गर्ल कैडेट’ को छुट्टी कब और कैसे मिली ? उसे छुट्टी देनेवाला अधिकारी कौन था, क्या उस अधिकारी ने आवेदन पत्र पर नोटिंग लिखी थी ? उसे हॉस्टल से ले जाने के लिए कौन अभिभावक आया था ? और इतना सब कुछ गर्ल्स हॉस्टल में लगे CCTV में भी दर्ज हुआ होगा ? ‘गर्ल कैडेट’ का जो आवेदन छुट्टी का बताया जा रहा उसपर आवेदन की तिथि 10 अक्टूबर लिखी है उसे ही काटकर 11 अक्टूबर कर दिया गया है। (देखें तस्वीर)


फिर भी क्यों और किसके इशारे पर इस संवेदनशील व गंभीर विषय पर झूठ बोला जा रहा था ? दरअसल जो ‘गर्ल कैडेट’ हॉस्टल से बगैर बताए अपने घर चली गई उसकी बड़ी बहन हॉस्टल की वार्डन है। ‘गर्ल कैडेट’ मिसिंग हुई तो वार्डन ने LMC की एक महिला पदाधिकारी को पूरा मामला बताया। फिर किसी को सच्चाई पता न चले इसलिए LMC के वरीय अधिकारियों के बीच इस झूठ का प्रचार कराया गया कि ‘गर्ल कैडेट’ छुट्टी लेकर अपनी बहन के घर मोरहाबादी चली गयी है। जब ‘गर्ल कैडेट’ की बड़ी बहन ही ऐसा कह रही है तो इसपर विश्वास न करने का कोई विशेष कारण नहीं था। जबकि सच्चाई ये थी कि झूठ बोलनेवाले भी ‘गर्ल कैडेट’ की तलाश में जुटे हुए थे।
आखिर हॉस्टल छोड़ने पर क्यों विवश हुई ‘गर्ल कैडेट’
sportsjharkhand.com के पास इस बात की प्रामाणिक जानकारी है कि पिछले सप्ताह बॉयज व गर्ल्स कैडेट्स की असेंबली के दौरान एक पुरुष कोच ने ‘गर्ल कैडेट’ के संदर्भ में सार्वजनिक तौर काफी अपमानजनक टिप्पणी की थी। अपमानजनक टिप्पणी के बाद नाराज़ ‘गर्ल कैडेट’ ने छुट्टी के लिए आवेदन दिया और खेल प्रशिक्षण से खुद को अलग कर लिया। प्रबंधन ने छुट्टी नहीं दी। तीन दिन बाद रविवार 10 अक्टूबर को ‘गर्ल कैडेट’ ने दोबारा आवेदन देना चाहा लेकिन ऑफिस में किसी ने भी आवेदन नहीं लिया। इससे नाराज हो सोमवार की दोपहर अपने बेड के नीचे आवेदन रखकर गर्ल कैडेट हॉस्टल से बाहर निकल गयी।







