sportsjharkhand.com टीम
रांची
मुंबई में भारतीय क्रिकेट टीम चयन समिति की बैठक के दौरान हाई प्रोफाइल ड्रामे के बाद बेआबरू कर BCCI के संयुक्त सचिव और JSCA के अध्यक्ष पद से अयोग्य घोषित किये गए अमिताभ चौधरी के पक्ष में 9 आजीवन सदस्यों ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्हें (अमिताभ को) JSCA का अध्यक्ष बताया है। यही नहीं सभी सदस्यों ने लोढ़ा आयोग की सिफारिशों पर सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद अयोग्य घोषित सचिव राजेश वर्मा बॉबी और अन्य अयोग्य सदस्यों को भी पदाधिकारी बताया। JSCA के आजीवन सदस्यों के इस बयान को 7 जनवरी को बेंगलुरु में श्रीनिवासन और अनुराग ठाकुर की मौजूदगी में हुयी गुप्त बैठक में लिए गए फैसलों की कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। सोमवार को एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में JSCA के सदस्यों ने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव व याचिकाकर्ता आदित्य वर्मा और JSCA के पूर्व सदस्य सुनील सिंह को पानी पी-पी कर कोसा और आरोप लगाया कि सुर्खियां बटोरने के लिए दोनों प्रेस के माध्यम से अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। प्रेस कॉफ्रेंस में कुलदीप सिंह, नुरुल होदा, संजय जायसवाल, अजयनाथ शाहदेव, राजकुमार शर्मा राजू, मो वसीम, संजय पांडे, सुरेश कुमार और शैलेंद्र कुमार मौजूद थे।
भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट रांची में ही होगा : कुलदीप
JSCA के पूर्व उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने आदित्य वर्मा के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि आगामी 16 से 20 मार्च तक भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट मैच JSCA स्टेडियम में ही खेला जाएगा। कुलदीप सिंह ने आदित्य वर्मा पर क्रिकेट प्रशंसकों को गुमराह करने का आरोप भी लगाया।
धौनी के फैसले पर विवाद, एक साज़िश : अजयनाथ शाहदेव
JSCA के आजीवन सदस्य अजयनाथ शाहदेव ने आदित्य वर्मा पर आरोप लगाया वे (आदित्य) झूठे आरोप लगाकर धौनी के कप्तानी छोड़ने के महान फैसले को विवाद में धकेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाचार पत्रों में छाए रहने के लिए मीडिया का सहारा ले रहे हैं आदित्य वर्मा।
JSCA बनायेगी एड-हॉक कमिटी : होदा
सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में सिर्फ़ और सिर्फ JSCA ही एड-हॉक कमिटी का गठन करेगी। किसी दूसरे-तीसरे को कमिटी गठन का कोई अधिकार नहीं है। ये बातें आजीवन सदस्य नुरुल होदा ने कही, वे शनिवार को सुनील सिंह द्वारा एड-हॉक कमिटी बनाये जाने और उसका प्रस्ताव भेजे जाने की घोषणा पर पक्ष रख रहे थे।
सुबोधकांत क्रिकेट में ठौर तलाश रहे : संजय पांडेय
जनता से ठुकराए जाने के बाद सुबोधकांत सहाय अब क्रिकेट में ठौर तलाश रहे हैं, लेकिन धुर्वा में JSCA स्टेडियम निर्माण को रोकवाने का हरसंभव प्रयास करने वालों को खेलप्रेमी जानते हैं। JSCA के आजीवन सदस्य और कांग्रेस नेता संजय पांडे ने सुबोधकान्त पर आरोपों की झड़ी लगाते हुए कहा कि पद के लालच में सुबोधकांत BCCI से गैर मान्यता प्राप्त CAB (क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार) के अध्यक्ष बन बैठे हैं।