| रांची टीम sportsjharkhand.com |
छात्र, IIT, IPS, क्विज मास्टर, JSCA, BCCI, ICC व JPSC में विभिन्न भूमिकाओं को निभाते हुए सभी जगह सफलता के झंडे गाड़नेवाले बहुआयामी प्रतिभा के धनी अमिताभ चौधरी नहीं रहे। मंगलवार तड़के 7 बजे मैसिव हर्ट अटैक ने झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) का अभिभावक छीन लिया। छात्र जीवन से ही लक्ष्य निर्धारित करना और लक्ष्य को पाने के लिए अथक परिश्रम के साथ संपूर्ण दांव पर लगाने का प्रतिफल अमिताभ चौधरी को यश के रूप में सदैव मिलता रहा। दो अपवादों को छोड़कर (1999 BCA अध्यक्ष पद का चुनाव व 2014 में रांची लोकसभा का चुनाव)। 2003 में खेल निदेशक का पदभार ग्रहण करने के दिन अमिताभ चौधरी ने इस खबर के लेखक से कहा था “When Going Gets Tough, Tough Gets Going”
इसी फ्रेज को नियति मान कर मैं आगे बढ़ता हूं। मेरा निजी तौर पर मानना है कि अमिताभ चौधरी के जीवन का सच भी यही है। भूमिका कोई भी रही हो।
IIT खड़गपुर से B Tech, IPS, अनिल शर्मा सुरेंद्र बंगाली जैसे दुर्दांत अपराधियों को दबोचना, 2004-5 में खेल गांव (मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स) की परिकल्पना तैयार करना, झारखंड बनने के बाद पहली बार कोच की नियुक्ति, झारखंड से क्रिकेटरों का भारतीय टीम तक पहुंच की राह को अपेक्षाकृत आसान बनाना, टाटा की मनमानी को तोड़ना, जमशेदपुर छोड़ अन्य 21 जिलों से 20-20 सदस्य बनाना, टाटा के कीनन स्टेडियम देने से मना करने के बाद अदालती लड़ाई जीत रांची में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण, अन्य खेल संसाधनों यथा टेनिस, बैडमिंटन, स्विमिंग, शूटिंग, स्क्वैश आदि की आधारभूत संरचना का विकास, JSCA में आंतरिक अनुशासन, JPSC चेयरमैन के रूप में एक साथ चार चार प्रतियोगिताओं का सफलतापूर्वक संचालन, खेल निदेशक के रूप में राष्ट्रीय खेलों का सफलतापूर्वक आयोजन।
ऐसे गुजरा आखिरी वक्त…
मंगलवार की सुबह उठ नित्य क्रिया से निवृत होने, इष्टदेव की आराधना व सूर्य भगवान को जल अर्पित करने के बाद टहलने के दौरान अमिताभ चौधरी अचानक अचेत हो गए। आनन फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन अथक कोशिश के बावजूद डॉक्टर उन्हें नहीं बचा पाए। अमिताभ चौधरी के असामयिक निधन से खेल जगत अवाक है और उनके जाने के बाद जो शून्यता JSCA में आई है, उसे भरना इतना आसान नहीं होगा। क्योंकि पिछले दो दशक से “अमिताभ ही JSCA हैं और JSCA ही अमिताभ है” शाश्वत सत्य बन चुका था।
…जब अमिताभ चौधरी ने खेल पत्रकारों से कहा -“आपलोगाें ने मुझे बधाई नहीं दी…”
पिछले तीन वर्षों से अमिताभ चौधरी फिटनेस को लेकर कुछ ज्यादा ही सचेत हो गए थे। लगातार टहलना व खान-पान में पहले की अपेक्षा कुछ ज्यादा ही अनुशासन आ गया था। करीब दो साल पहले खेल पत्रकारों के साथ एक अनौपचारिक बैठक के बाद अमिताभ चौधरी ने खेल पत्रकारों से एक शिकायत की। “आप में से किसी ने कुछ नोटिस भी नहीं किया और ना ही मुझे बधाई दी ?” सभी खेल पत्रकार अवाक ! फिर अमिताभ चौधरी ने स्वयं बताया कि उन्होंने पिछले कई माह के दौरान अपना वजन 8 किलो कम कर लिया है और पहले से ज्यादा फीट महसूस कर रहे हैं।
क्विज प्रतियोगिता में भाग लेना और क्विज मास्टर बनना पसंद था अमिताभ को
1999 बंगलोर में जब टाटा ने TCS IT Wiz नाम से क्विज प्रतियोगिता शुरू की तो अमिताभ चौधरी उस क्विज शो के पहले क्विजमास्टर थे। इससे पहले वे छात्र जीवन में क्विज प्रतियोगिताओं में भाग लेते रहे थे लेकिन क्विज मास्टर की भूमिका को खूब एंजॉय करते थे। यही कारण था कि उन्होंने JSCA के आजीवन सदस्य बनाने के लिए एक लिखित प्रतियोगिता आयोजित की थी और राम की बहन का नाम क्या था ? जैसे प्रश्नों से परीक्षार्थियों को हलकान कर दिया था। सारे प्रश्न अमिताभ चौधरी ने स्वयं तय किए थे।







