| रांची |
झारखंड सरकार के पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू होटवार स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की दुर्दशा देख काफी व्यथित दिखे। मंत्री बनने के बाद पहली बार मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण करने पहुंचे सुदिव्य कुमार सोनू ने मुख्य स्टेडियम के एथलेटिक्स ट्रैक, मैदान और VVIP सीटिंग एरिना की उड़ी हुई फॉल्स सीलिंग देखकर काफी तल्ख टिप्पणी की – आप लोगों ने सबकुछ बर्बाद कर दिया है। मंत्री ने खेल निदेशालय, साझा और JSSPS के अधिकारियों से जानना चाहा कि मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का मेंटेनेंस कैसे होता है ? बजट क्या है ? खेल मंत्री के इन सवालों का टू द प्वाइंट जवाब किसी भी अधिकारी के पास नहीं था। एक अधिकारी दो माह पहले आने का रोना रो रहे थे तो अन्य अधिकारी चुप्पी थामते नजर आए। इसके बाद मंत्री ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम पहुंचे। यहां भी प्लेइंग एरिना देख नाराजगी जताई। JSSPS के काबिल लोगों ने तकनीकी समस्या बताते हुए अपनी कमियां ढंकने का असफल प्रयास किया।
मंत्री को झूठी जानकारी देते रहे JSSPS के कर्णधार, खेल निदेशालय के अफसरों ने चुप्पी साधी
दो स्टेडियम के निरीक्षण के बाद खेल मंत्री VVIP गेस्ट हाउस पहुंचे। यहां JSSPS के लोकल मैनेजमेंट कमिटी (LMC) के अफसरों मंत्री जी को कई झूठी और मिथ्या जानकारी दी लेकिन खेल निदेशालय और साझा की अधिकारियों ने चुप्पी थाम रखी क्योंकि सच्चाई उन्हें भी पता नहीं थी। JSSPS के कर्णधार लगातार फंड की कमी का रोना रो रहे थे और तकनीकी विवशता को ढाल बना अपनी अकर्मण्यता को ढंकने का असफल प्रयास कर रहे थे लेकिन मंत्री के तल्ख सवालों का उनके पास कोई तार्किक जवाब नहीं था।







