| रांची
sportsjharkhand.com EXCLUSIVE |
रांची महिला हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर 2024 के आयोजन में प्रशासनिक व वित्तीय अनियमितता – भाग 3
खेल आयोजन में कायदे कानून से परे जाकर प्रशासनिक और वित्तीय अनियमितता करने में झारखंड के अधिकारियों का ट्रैक रिकॉर्ड बड़ा ही कुख्यात रहा है। दुर्भाग्य ये है कि अधिकारी पूर्व के कड़वे अनुभवों से सीखने को भी तैयार नहीं। रांची में 13 से 19 जनवरी 2024 में आयोजित हुए FIH महिला हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर आयोजन को सफल बनाने के लिए क्रय/निविदा समिति की बैठक 21 दिसंबर 2023 को हुई। बैठक के मिनट्स के पेज नंबर तीन के पारा 2 के अनुसार क्रय/निविदा समिति ने प्रतियोगिता आयोजन के दौरान भाड़े के चार पहिया वाहन की सर्विस लेने के लिए झारखंड महिला एशियन हॉकी चैंपियनशिप की तर्ज पर बीके ट्रैवल्स की सेवा लेने पर निर्णय लिया गया। (देखें क्रय/निविदा समिति का मिनट्स)


क्रय/निविदा समिति की बैठक के बाद तत्कालीन खेल निदेशक IAS सुशांत गौरव का ना जाने क्यों मूड बदल गया और उन्होंने 30 दिसंबर 2023 को वर्क ऑर्डर मेसर्स बीके ट्रैवल्स की जगह मेसर्स बीके सॉल्यूशंस एंड सर्विसेज के नाम जारी कर दिया। साथ में प्रति दिन उपलब्ध कराए जाने वाले वाहनों की सूची भी संलग्न कर दी। खास बात ये है कि क्रय/निविदा समिति के अध्यक्ष भी सुशांत गौरव ही थे। (देखें वर्क ऑर्डर की कॉपी)


वर्क ऑर्डर मिलने के बाद बीके सॉल्यूशंस एंड सर्विसेज ने 2 जनवरी से 21 जनवरी तक 27 इनोवा और 8 स्कॉर्पियो की सेवा FIH ओलंपिक क्वालीफायर के दौरान प्रदान की और इसका बिल भी 29 जनवरी को खेल निदेशालय के पास जमा कर किया। बिल जमा करने के एक दिन बाद 30 जनवरी को बीके सॉल्यूशंस एंड सर्विसेज ने खेल निदेशक को पत्र लिखकर बिल भेजे जाने की जानकारी दी और भुगतान करने के लिए बीके सॉल्यूशंस एंड सर्विसेज की जगह बीके ट्रैवल्स का अकाउंट डिटेल्स दे दिया। सारे बिल तो बीके सॉल्यूशंस एंड सर्विसेज ने जमा किया लेकिन पेमेंट बीके ट्रैवल्स के नाम पर मंगाया। (देखें दस्तावेज)


इस गलती पर निदेशालय के काबिल कर्मचारियों और अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया और खेल निदेशक IAS सुशांत गौरव ने भुगतान कर दिया।
GST का भुगतान बीके ट्रैवल्स ने किया या बीके सॉल्यूशंस एंड सर्विसेज ने ?
27,57,492 रुपए का बिल बीके सॉल्यूशंस एंड सर्विसेज ने समर्पित किया और भुगतान बीके ट्रैवल्स के नाम पर हुआ। दोनों अलग अलग सर्विस प्रोवाइडर हैं, ऐसे में सवाल उठता है कि GST का भुगतान किसने किया ? क्योंकि बीके ट्रैवल्स का GST नंबर 20DDPS1176CSD0O1 है और इसे सरकार ने लगभग दो साल से “ब्लॉक” किया हुआ है। बीके सॉल्यूशंस एंड सर्विसेज का GST नंबर 20MWTPS4304J1ZI है। सवाल उठना लाजिमी है कि जब भुगतान “ब्लॉक” GST वाले अकाउंट में हुआ है तो सर्विस प्रोवाइडर ने GST का भुगतान किया भी है या नहीं ?
पेट्रोलियम पदार्थों पर GST का किया गया भुगतान
काबिल IAS सुशांत गौरव की “कर्मठता” के क्या कहने ! महिला एशियन हॉकी चैंपियनशिप 2023 की तर्ज पर सुशांत गौरव ने FIH महिला ओलंपिक क्वालीफायर आयोजन के दौरान भी पेट्रोलियम पदार्थों पर 5 प्रतिशत GST का भुगतान कर दिया। बीके सॉल्यूशंस एंड सर्विसेज ने जो बिल जमा किया उसमें उपयोग में लाए गए डीजल पर 5 प्रतिशत का GST मांगा गया था। सुशांत गौरव ने दरियादिली दिखाते हुए नियमों से परे जाकर भुगतान कर दिया।







