रांची
यूथ हाॅस्टल्स एसोसिएशन आॅफ इंडिया, झारखंड शाखा की ओर से आगामी 29 अक्टूबर को होटल ट्राईडेन्ट इन में झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड समारोह का आयोजन किया जा रहा है। खेल, कला-संस्कृति, साहित्य, बाल कल्याण, महिला कल्याण, स्वास्थ्य, पत्रकारिता, शिक्षा आदि क्षेत्र में विशेष सेवा करनेवालों को संस्था की ओर से सम्मानित किया जाता है। हालांकि संस्था की ओर से इस साल पुरस्कृत होनेवाले शख्सियतों की सूची अभी तक जारी नहीं की गयी है। पता हो कि यूथ हाॅस्टल पूरे भारतवर्ष में रोमांचक खेलों और विभिन्न कार्यक्रमों के तहत युवाओं में सकारात्मक उर्जा का संचार करने का काम करती रही है।
इस वर्ष से दो नए पुरस्कार
यूथ हाॅस्टल, झारखंड शाखा की ओर से इस वर्ष से दो नए पुरस्कार लाइफटाइम अचिवमेंट अवार्ड और यंग अचिवर अवार्ड से भी सम्मानित करने का फैसला लिया गया है। रांची में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में चेयरमैन शिवेन्द्रनाथ दूबे, उपाध्यक्ष हरेन्द्र प्रसाद सिन्हा, उदय साहू समेत संस्था के कई पदाधिकारियों ने उक्त घोषणा की है।
रिटायरेमेंट के बाद भी सहायक निदेशक बने हुए हैं हरेन्द्र सिन्हा !
संस्था की ओर से जिस लेटर पैड पर विज्ञप्ति जारी की गयी है, उसमें उपाध्यक्ष पद पर डाॅ हरेन्द्र प्रसाद सिन्हा का नाम अंकित है और उनका परिचय सहायक निदेशक, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार, रांची के रूप में दिया गया है। पता हो कि 2011-12 में ही हरेन्द्र सिन्हा विभाग से रिटायर हो चुके हैं। या तो संस्था का लेटर पैड पुराना है या जानबूझकर गलती की जा रही है। अगर लेटर पैड पुराना है तो संस्था के कामकाज पर प्रश्नचिन्ह है और नहीं तो कुर्सी चीज ही ऐसी है !







