sportsjharkhand.com टीम
रांची
खेल और खिलाड़ियों के महत्व को समाज देर से ही सही मान्यताएं देने लगा है। इसका ताज़ा उदाहरण चुनाव आयोग में आइकॉन नियुक्ति के मामले में देखने को मिल रहा है। दरअसल चुनाव आयोग ने राज्य में लोकतान्त्रिक चुनावी व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं से आम लोगों को अवगत व जागरूक कराने के लिए छह आइकॉन की नियुक्ती की है। इन छह आइकॉन में पांच आइकॉन खेल के क्षेत्र से जुड़े हैं। 21 दिसम्बर को राष्ट्रीय चुनाव आयोग ने झारखण्ड राज्य के लिए पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सिलवानुस डुंगडुंग, असुंता लाकड़ा, माउंट एवरेस्ट फतह करनेवाली बछेंद्री पॉल, मुक्केबाज़ अरुणा मिश्रा और क्रिकेटर सौरभ तिवारी के अलावा नाट्यकर्मी अजय मलकानी को आइकॉन नियुक्त नियुक्त करने संबंधी पत्र राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को भेजा है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी आइकॉन को इससे संबंधित पत्र भेज दिया है। पता हो कि राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राष्ट्रीय निर्वाचन आयोग को 11 सितंबर और 30 नवम्बर को पत्र लिखकर 11 लोगों को आइकॉन बनाने का प्रस्ताव भेजा था। जिनमे से 6 लोगों को आइकॉन बनाया गया है।
सभी आइकॉन की वीडियो फिल्म और पम्पलेट बनाकर प्रचार-प्रसार करने की तैयारी शुरू कर दी गयी है और आगामी 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सभी आइकॉन के साथ मिलकर जागरूकता अभियान ज़ोर शोर से चलाए जाने की भी तैयारी शुरु कर दी गयी है।
दीपिका ने किया इनकार !
राज्य के मुख्य निर्वाचन कार्यालय ने स्टार तीरंदाज़ दीपिका कुमारी को भी आइकॉन बनाने का मन बनाया था लेकिन दीपिका ने इनकार कर दिया है। दरअसल आइकॉन बनने के लिए किसी भी राजनितिक दल से सम्बन्ध नहीं होने संबंधी शपथ पत्र देना अनिवार्य होता है। रांची जिला प्रशासन की लाख कोशिशों के बाद भी दीपिका ने शपथ पत्र नहीं दिया। पता हो कि 2014 और 2015 के दौरान राज्य की आइकॉन बनायी गयी थीं लेकिन समयाभाव के कारण उनकी सेवाएं नहीं मिल पाई थीं।
निक्की प्रधान खूंटी की आइकॉन होंगी
झारखण्ड की पहली महिला हॉकी ओलिंपियन निक्की प्रधान को खूंटी जिला ने निर्वाचन के लिए आइकॉन नियुक्त करने का फैसला लिया है। खूंटी जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने इससे राज्य के मुख्य निर्वाचन कार्यालय को अवगत भी करा दिया है।
गर्व की बात है कि निर्वाचन आयोग ने हमें इस योग्य समझा। जब और जहाँ ज़रूरत होगी हम उपलब्ध रहेंगे।
सिलवानुस डुंगडुंग, ओलिम्पिक स्वर्ण पदक विजेता







