sportsjharkhand.com टीम
रांची
मोरहाबादी के भारतीय खेल प्राधिकरण स्पेशल एरिया खेल प्रशिक्षण केंद्र (साईं सैग सेंटर) के प्रशिक्षणार्थियों को ढाल बनाकर लाखों का काला धन सफ़ेद करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। संस्था में कार्यरत एक प्रशिक्षक ने अपने भरोसे के प्रशिक्षणार्थियों के बैंक अकाउंट का उपयोग इस काले कारनामे के लिए किया है। प्रशिक्षक ने दर्ज़नों प्रशिक्षणार्थियों के अकाउंट में पहले तो रूपये (10-15 हज़ार) जमा कराये और उसके 1-2 दिन बाद जमा पैसे निकलवा लिए। यही नहीं कुछ प्रशिक्षणार्थियों को बैंक की लाइन में खड़ा कराकर नोटबंदी के दौरान पुराने नोट को बदलकर नए नोट में भी तब्दील कराया गया। दो सप्ताह तक लगातार काले धन को सफ़ेद करने का सिलसिला चलता रहा। बैंक के कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच ये चर्चा का मुद्दा बना रहा।
इस काले कारनामे की जानकारी मिलने के बाद sportsjharkhand.com की टीम पिछले एक सप्ताह से मामले की तफ्तीश में लगी हुई थी। साईं सैग सेंटर के अधिकारियों-कर्मचारियों के असहयोगात्मक रवैये के बावजूद आपके लोकप्रिय वेब पोर्टल को मिली जानकारी के अनुसार कम से कम 10 लाख रूपये का काला धन (आंकड़ा 20 लाख तक जा सकता है) इस दौरान सफ़ेद किया गया। 10 नवम्बर से 25 नवम्बर के बीच प्रशिक्षक के नेतृत्व में इस कुकृत्य को अंजाम तक पहुँचाया गया।
आंध्रा बैंक से जुड़ा है मामला
साई सैग सेंटर के सभी प्रशिक्षणार्थियों का अकाउंट आंध्रा बैंक के मोरहाबादी शाखा में है। होटल महाराज के सामने अवस्थित इसकी शाखा में 10 नवम्बर से 25 नवम्बर के बीच प्रशिक्षक स्वयं दर्ज़नों बार पहुंचे और काले धन को सफ़ेद बनाने में जुटे रहे। पहले सभी के खाते लालजी-हिरजी रोड शाखा में थे, जिन्हें लगभग 1 साल पहले ही मोरहाबादी शाखा में स्थानांतरित किया गया है।
लाडली एम के खाते का इश्तेमाल सबसे ज़्यादा
प्रशिक्षक की सबसे लाडली शिष्या एम के खाते में सबसे ज़्यादा लेन-देन किया गया। काले धन को सफ़ेद करने वक़्त प्रशिक्षक को यह आशंका थी कि उनका यह पैसा फंस भी सकता है इसलिए उन्होंने अपने नजदीकी शिष्यों के अकाउंट का ज़्यादा से ज़्यादा उपयोग किया। पैसा निकालने ने दिन प्रशिक्षक स्वयं बैंक में भी मौजूद थे।
जाँच से हो सकता है बड़ा खुलासा
एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काले धन को ख़त्म करने की मुहिम में जुटे हैं वहीं केंद सरकार के मातहत काम करनेवाले अधिकारी-कर्मचारी ही काले धन को सफ़ेद करने में जुटे हैं। पुरे मामले का किंगपिन प्रशिक्षक बड़बोला है और बातों-बातों में मंत्री/IAS/IPS का रेफरेंस देना तकियाकलाम की तरह प्रयोग करने की बीमारी से पीड़ित। इसलिये पुरे मामले की विस्तृत जांच हो तो कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
किसके पैसे हैं ?
सबसे बड़ी बात ये है कि प्रशिक्षक किसके काले पैसे को सफ़ेद बनाने में जुटा था ? उसके हैं तो कहाँ से आये ? किसी दूसरे-तीसरे के हैं तो वह दूसरा-तीसरा कौन है ? जांच के बाद ही साफ़ होगा।
बैंक मैनेजर ने चुप्पी साधी
sportsjharkhand.com की टीम ने आंध्रा बैंक के मोरहाबादी शाखा प्रबंधक का पक्ष जानना चाहा तो उन्होंने गोपनीयता का हवाला देकर कुछ भी बताने से किया इनकार कर दिया। उनकी चुप्पी में कई सवाल छुपे हैं।






