sportsjharkhand.com टीम
सिमडेगा/रांची
सिमडेगा के विधायक, वरीय अधिकारी और हॉकी के खेल प्रशासक मिलकर राज्य और देश को नई दिशा दिखाने में सफल हो रहे हैं। ये सफलता इस मायने में और खास है कि इसका सीधा लाभ सिर्फ और सिर्फ युवा खिलाड़ियों को मिल रहा है। उग्रवाद प्रभावित सिमडेगा ज़िले में खेल के द्वारा युवा सशक्तिकरण की पहल में सामाजिक संस्थाओं के जुड़ने से राह आसान बनती जा रही है। शिक्षा, खेल और सामाजिक दायित्वों को एक माला के रूप में पिरोने की जो शुरुआत सिमडेगा में हुयी है, उसे दूसरे जिलों और राज्यों को ईर्ष्या भी हो सकती है।
सिमडेगा और हॉकी एक-दूसरे के पूरक हैं। जहाँ सिमडेगा, वहां हॉकी और जहाँ हॉकी, वहां सिमडेगा ! और इसी हॉकी ने नेता, अधिकारियों, खेल प्रशासकों और सामाजिक संस्थाओं को एक मंच पर ला दिया है। सिमडेगा में हॉकी के आवासीय केंद्र में बालिका हॉकी खिलाड़ियों को इंग्लिश सीखा रही संस्था प्रथम एडुकेशन फॉउंडेशन सिमडेगा द्वारा सेंटर के खिलाड़ियों के बीच टैब का वितरण किया गया। संस्था के द्वारा 3-3 खिलाडियों का ग्रुप बनाकर कुल सोमवार को 10 टैब दिया गया। टैब में पहले से ही इंग्लिश, गणित और विज्ञान सीखने के सॉफ़्ट्वेयर अपलोड है।जिससे खिलाड़ी अपनी सहूलियत के हिसाब से इस्तेमाल कर सकते हैं।
हॉकी सिमडेगा कि सोच दूरदर्शी है, जो आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से खिलाड़ियों का सर्वांगीण विकास की ओर कदम बढ़ा रहा है। इस तरह की पहल में जिला प्रशासन आपके सहयोग के लिए सदैव खड़ा है और रहेगा।
मंजुनाथ भजन्त्री, उपयुक्त, सिमडेगा
सोशल पुलिसिंग के तहत बंटेंगे 2800 हॉकी स्टिक : एसपी
एसपी सिमडेगा राजीव रंजन सिंह ने कहा की सिमडेगा में लोगो के खून में हॉकी है और पुलिस परिवार इस दिशा में अपनी सामाजिक ज़िम्मेवारियों का निर्वहन कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमने 2800 हाकी स्टीक मंगाया है, उम्मीद है कि ग्रामीण इलाकों में उस स्टिक का वितरण हो, जिससे कई और युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ज़िले का नाम रौशन करें। उन्होंने हॉकी सिमडेगा और प्रथम एडुकेशन के द्वारा किये जा रहे कार्यों की प्रशंसा भी की।
कांस्य पदक जीत लौटने वाले खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
U-18 एशिया कप में कास्य पदक विजेता भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम की सदस्य रहे सिमडेगा जिला के 4 खिलाड़ियों तथा कोच का सम्मान सोमवार को हॉकी सिमडेगा कार्यालय में किया गया। टीम की कोच असुंता लकड़ा और टीम की सदस्य सलीमा टेटे (उपकप्तान), अल्फा केरकेट्टा (गोलकीपर), टीम की ओर से सबसे अधिक गोल करने वाली संगीता कुमारी, स्पेन टूर में भारतीय टीम की सदस्य रही अलका डुंगडुंग को बुके एवम् गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डी सी, एस पी के अलावा पूर्व हॉकी खिलाड़ी मसिहदास बा, जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार, एस एस बालिका की प्रधानाध्यापिका अलबर्तिना तिर्की, कोच प्रतिमा बरवा, बीना केरकेट्टा, हॉकी सिमडेगा के सोहन बड़ाइक, एमानुयल कुजूर, पँखरसीयूस टोप्पो, निकोडिंन लुगुन, दिनेश रावत, आशा बा, सुभिला मिंज, कल्याण केरकेट्टा, एल्विन कीड़ो, प्रथम के रूपेश सिंह, सपना सन्यासी, फुटबॉल एवम् हॉकी खिलाडी तथा कई खेल प्रेमी एवम अन्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम की परिकल्पना, स्वागत भाषण और मंच संचालन की ज़िम्मेवारी मनोज कोनबेगी ने निभायी।







