sportsjharkhand.com टीम
रांची
बिल्ली के जिम्मे मछली की रखवाली का ज़िम्मा हो तो क्या होगा ? बिल्ली आदतन मछली खा जायेगी ! है ना ! इसका मतलब ये है कि बिल्ली को मछली की रखवाली का ज़िम्मा नहीं देना चाहिए। लेकिन मार्च की पहली तारीख को सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने 11 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला कर इसी कहावत को चरितार्थ कर दिया है। आपको विश्वास ना हो लेकिन मोमेंटम के नशे में मदहोश विधायिका और कार्यपालिका ने एक ऐसा ही मूवमेंट आर्डर जारी कर दिया है। जैप 10 में वरीय पुलिस उपाधीक्षक के पद पर पदस्थापित सरोजनी लाकड़ा का तबादला एंटी करप्शन ब्यूरो में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सरोजनी लकड़ा पर एंटी करप्शन ब्यूरो की अदालत में भ्रष्टाचार से जुड़ा एक मामला 04/2014 पहले से ही लंबित है। ऐसे में सरोजनी का तबादला एंटी करप्शन ब्यूरो में करना तार्किक नहीं प्रतीत होता। अगर सरोजनी जाँच करनेवाली एजेंसी में ही पदस्थापित रहेंगी जहाँ उनके खिलाफ जांच लंबित है, तो जाँच प्रभावित कर सकती हैं। लेकिन इसके बावजूद सरोजनी का तबादला कर दिया गया है।
पाइका के लाखों रुपये का हिसाब नहीं देने का आरोप
सरोजनी लाकड़ा पर खेल विभाग में उपानिदेशक रहते हुए पंचायत युवा क्रीड़ा और खेल अभियान (पाइका) के मद के लाखों रुपये का हिसाब-किताब नहीं देने का आरोप लगाया गया था। ये पैसे कहाँ और किस मद में खर्च हुए इसका कोई हिसाब-किताब नहीं होने का आरोप लगाते हुए झारखण्ड तैराकी संघ के सह सचिव उपेंद्र कुमार तिवारी ने सरोजनी के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। बकौल उपेंद्र तिवारी इस मामले में जाँच पदाधिकारी ने अपनी रिपोर्ट अदालत में जमा करा दी है।
सरकार का ये फैसला समझ से परे है। आरोपी जब खुद जाँच एजेंसी में पदस्थापित रहेगी तो जाँच को प्रभावित होगी ही। इससे इनकार नहीं किया जा सकता।
उपेंद्र तिवारी, याचिकाकर्ता
पाइका से जुड़ा मामला था, मामले का निपटारा हो चुका है। इस पुरे मामले में निजी खुंदक निकालने के लिए जबरदस्ती मुझे घसीटा गया था।
सरोजनी लकड़ा, पुलिस उपाधीक्षक







