राज्य में महिला फुटबॉलरों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण व तकनीकी कौशल के लिए झारखंड सरकार व भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) के बीच होनेवाला प्रस्तावित MoU दो खंडों में होगा। इसी के अनुरूप अधिकारियों द्वारा MoU को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पहला खंड
इसमें भारतीय महिला फुटबॉल टीम का प्रशिक्षण कैम्प व अभ्यास मैच रांची में ही कराने से जुड़ा होगा। इसके अनुसार सब जूनियर, जूनियर और सीनियर भारतीय महिला फुटबॉल टीम का प्रशिक्षण कैम्प रांची में ही लगाने की अनिवार्यता से जुड़े प्रावधान होंगे। AIFF व राज्य सरकार की जिम्मेवारियों से जुड़े प्रावधान भी शामिल होंगे।
दूसरा खंड
इसमें सरकार द्वारा संचालित हो रहे आवासीय व डे बोर्डिंग फुटबॉल केंद्र के खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण मॉड्यूल, स्पोर्ट्स एडुकेशन प्रोग्राम, सर्टिफिकेशन प्रोग्राम, परफॉर्मेंस एनालिसिस आदि से जुड़ा प्रावधान होगा। इसके अलावा रेफरी के प्रशिक्षण व 12 साल से कम के बच्चों में से टैलेंट सर्च कर प्रशिक्षण आदि करने के भी प्रावधानों का भी जिक्र होगा।
AIFF ने राज्य सरकार को सौंपा है अगले 10 वर्षों का ब्लूप्रिंट
sportsjharkhand.com को जानकारी मिली है कि AIFF ने राज्य सरकार को अपने प्रपोजल के साथ अगले 10 साल का ब्लूप्रिंट भी दिया है। इसके अनुसार 8 से 12 वर्ष के बालक-बालिका के बीच अलग-अलग बेबी लीग कराने, टैलेंट सर्च का पैटर्न, राज्य सरकार द्वारा चलाये जा रहे डे बोर्डिंग, आवासीय व प्रस्तावित सेंटर फ़ॉर एक्सीलेंस का सेलेक्शन व अपग्रेडेशन के तौर-तरीकों से जुड़ा ब्लूप्रिंट शामिल है। इसके अलावा विश्वस्तरीय आधारभूत संरचनाओं का सदुपयोग करते हुए अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैचों के आयोजन से जुड़े प्रस्ताव समेत प्रशिक्षकों-रेफरियों के सर्टिफिकेशन आदि से कई अन्य प्रस्तावों का ब्लूप्रिंट भी AIFF ने सरकार को सौंपा है।







