sportsjharkhand.com टीम
रांची
यूलेन्यूरमे, एस्टोनिया में आयोजित होनेवाली 11वीं इंटरनेशनल पियरे डी कुबर्टिन यूथ प्रोग्राम 2017 मंे भाग लेने वाली छह सदस्यीय भारतीय टीम को प्रोजेक्ट भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राष्ट्रीय ध्वज देकर शुभकामनाएं दी। 19 से 26 अगस्त तक आयोजित होने वाले यूथ प्रोग्राम में यह टीम योग, ध्यान और झारखंड के पारंपरिक नृत्य झूमर का प्रदर्शन करेगी। सीएम ने भारतीय टीम में सभी पांच युवाओं और एक शिक्षक के झारखंडी होने पर कहा कि ये गर्व की बात है कि झारखंड का युवा देश का प्रतिनिधित्व करते हुए झारखंडी संस्कृति की छंटा विश्व पटल पर बिखेरेगा। पता हो कि जाने वाले सभी बच्चे संत जेवियर स्कूल डोरंडा के छात्र-छात्राएं हैं। कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक संघ की पियरे डी कुबर्टिन कमिटी से मान्यताप्राप्त भारतीय पियरे डी कुबर्टिन संघ (IPCA) के पैट्राॅन जेबी तुबीद, सीएम के प्रधान सचिव संजय कुमार, खेल सचिव राहुल शर्मा, अध्यक्ष ज्ञान सिंह, महासचिव सरोजनी लकड़ा, जयदीप सरकार, चंचल भट्टाचार्य, शिवेन्द्र कुमार दूबे समेत संत जेवियर के प्राचार्य और बच्चों के अभिभावक भी मौजूद थे।
सरकारी स्कूलों तक पहुंचे योजना: रघुवर
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने संस्था द्वारा शुरू किए गए कार्याें की सराहना की और कहा कि बेहतर होगा कि संस्था निजी स्कूलों के साथ-साथ सरकारी स्कूलों में भी अपनी योजनाओं का कार्यान्वयन करे। सीएम ने जोर दिया कि कमजोर एवं गरीब बच्चों को साथ लिए बगैर बेहतर भारत की कल्पना बेमानी है। सीएम ने सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा भी दिलाया।







