sportsjharkhand.com टीम
रांची
आगामी 27 सितंबर से 2 अक्टूबर तक महात्मा गांधी फुटबाॅल क्लब, पोखर टोली, वार्ड नंबर 52, एयरपोर्ट रोड में पहली महात्मा गांधी फुटबाॅल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में आयोजन मंडली ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में फुटबाॅल की बारीकियों से अवगत कराने के मकसद से आयोजित होनेवाली इस प्रतियोगिता में रांची, बोकारो और गुमला की कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं। नाॅक आउट आधार पर होनेवाली प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच 27 सितंबर को खेला जाएगा। उद्घाटन के अवसर पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रौशन करनेवाले पूर्व और वर्तमान खिलाड़ी विशेष तौर पर मौजूद रहेंगे। प्रेस वार्ता के दौरान आयोजन समिति के अध्यक्ष सोमा कच्छप, राष्ट्रीय रेफरी ओमप्रकाश ठाकुर, हरि दा, वार्ड 52 की पार्षद पुष्पा तिर्की, लालू सोम, अजय कच्छप व अल्बर्ट एक्का समेत प्रतियोगिता में भाग ले रही सभी टीमों के प्रतिनिधी भी मौजूद थे।
विजेता को 70 हजार रुपये नकद का पुरस्कार
प्रतियोगिता के विजेता टीम को 70 हजार रुपये नकद और ट्राॅफी, उपविजेता को 40 हजार रुपये नकद और ट्राॅफी दी जाएगी। इसके अलावा सेमीफाइनल में हारनेवाली टीमों को भी 6-6 हजार रुपये दिए जाएंगे। प्रतियोगिता के प्रत्येक मैच में मैन आॅफ द मैच का पुरस्कार भी दिया जाएगा।
फाइनल से पहले ग्रामीण बालिकाओं के बीच होगा प्रदर्शनी मैच
आयोजकों ने 2 अक्टूबर को फाइनल मुकाबले से पहले जीएफसी भूसरू और मैजिक बस एफसी की बालिकाओं के बीच एक प्रदर्शनी मैच भी खेला जाएगा। इसके अलावा पोखर टोली की बालिकाएं ही उद्घाटन और समापन समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करेंगी।
ये टीमें ले रही हैं भाग
प्रतियोगिता में भाग लेनेवाली टीमों में टीएनएल कुसई, एकलव्य अरगोड़ा, मेकाॅन ब्लैक टाइगर, एफसी वार्ड नंबर 52, एसएफसी बोकारो, बहुबाजार एफसी, ओभरिया बड़का टोली एफसी, केएफए कांके, गाड़ीहोटवार, रांची एफसी, गुमला एफसी, जयमासी बरियातू, रुपीपुरी एफसी, सामलोंग एफसी, संत जाॅन एफसी और वाइएफसी बड़ाम।







