sportsjharkhand.com टीम
रांची
27 मई को झारखंड ओलंपिक संघ (JOA) पर कब्जे के लिए दो-दो चुनाव रांची में हुए। चुनाव होते ही दोनों ग्रुप ने भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के पास चुने गए पदाधिकारियों की सूची और संबंधित पत्र भेज मान्यता देने का आग्रह किया है। लेकिन दोनों ही ग्रुप ने चुनाव प्रक्रिया और अहर्ताओं के संबंध में IOA के संविधान और नियमों का खुलकर उल्लंघन किया है।
सारी लड़ाई की जड़ जनवरी-फरवरी 2018 में होनेवाले IOA के चुनाव हैं। चुनाव में वोटर बन अपने लिए मक्खन बटोरने और बाद में यही मक्खन अपने आका को लगा सेट होने कि लड़ाई है। IOA भी मज़े ले रहा है क्योंकि उसे पता है कि सूखी रोटी के बदले ये मक्खन उसी के हिस्से में आने हैं।
समानांतर कमेटी ने भी जमकर तोड़े IOA के नियम
JOA आनंद गुट और शिव कुमार सिंह के नेतृत्व वाले समानांतर गुट ने क्लॉज़ XXVIII (a)(b)और (c) का अपनी सुविधा के अनुसार तोड़ा-मरोड़ा और फेंक दिया। आनंद गुट के उल्लंघन की पूरी फेहरिस्त sportsjharkhand.com ने पहले ही सार्वजनिक कर दी है अब शिव गुट की कारगुजारियों की लिस्ट
1. भोलानाथ सिंह (महासचिव) : दो-दो राज्य खेल संघों में है। हॉकी झारखंड का अध्यक्ष और कुश्ती संघ का महासचिव। भोला ने कुश्ती संघ के महासचिव की हैसियत से हस्ताक्षर किए हैं क्या वो हॉकी झारखंड का अध्यक्ष नही ? अगर नही तो कब इस्तीफा दिया ?
2. जयकुमार सिन्हा (उपाध्यक्ष 1): झारखंड टेबल टेनिस संघ और झारखंड तलवारबाज़ी संघ के अध्यक्ष
3. शशिकांत प्रसाद (उपाध्यक्ष 5), विजय शंकर सिंह (सहायक सचिव 1) और रजनीश कुमार (सहायक सचिव 2): झारखंड कुश्ती संघ और हॉकी झारखंड के पदाधिकारी
उपरोक्त सभी ने IOA के संविधान/नियम के क्लॉज़ XXVIII (c) का खुल्लमखुल्ला उल्लंघन किया।
4. एन होदा (वरीय उपाध्यक्ष) : 70 साल की उम्र पर कर चुका व्यक्ति JOA का पदाधिकारी कैसे हो सकता है ?
वैचारिक दोगलेपन की हद : IOA के संविधान/नियम नही मानेंगे लेकिन मान्यता IOA की ही चाहिए
JOA के दोनों गुटों ने IOA के संविधान और नियमों का उल्लंघन करते हुए चुनाव कराने के बाद अब IOA के चौखट पर मान्यता की भीख मांगने में जूट गए है। दिल्ली में बैठे आकाओं के शह पर IOA के नियमों को ताल ठोंककर तोड़ने वाले अब निहोरा के रास्ते अपनी जगह सुरक्षित करने में लग गए हैं। वैचारिक दोगलेपन का इससे बेहतर नमूना आपको शायद ही देखने को मिले।







