झारखंड रणजी टीम के चयनकर्ता, पूर्व रणजी क्रिकेटर-कोच व JSCA के आजीवन सदस्य जोध सिंह का निधन हो गया। जोध सिंह वर्तमान में सिक्किम राज्य क्रिकेट संघ की कार्यकारिणी समिति में ICA के प्रतिनिधि भी थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की देर रात घर पर ही उनका निधन हुआ। पिछले कुछ वर्षों से जोध सिंह कुछ शारीरिक परेशानियों से जूझ रहे थे और उनकी तबियत खराब चल रही थी। जोध सिंह के निधन की खबर से लौह नगरी के क्रिकेटप्रेमियों में शोक की लहर है। रविवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। झारखंड रणजी टीम के स्टार बल्लेबाज इशांक जग्गी जोध सिंह के दामाद हैं। जोध सिंह के निधन पर JSCA में ICA प्रतिनिधि अविनाश कुमार, पूर्व रणजी क्रिकेटर जीतू पटेल समेत लौह नगरी के कई पूर्व व वर्तमान क्रिकेटरों ने गहरी संवेदना प्रकट की है एवं उनकी आत्मा के लिए शांति की प्रार्थना की है। जोध सिंह ने बिहार-झारखंड के लिए 70-80 के दशक में क्रिकेट खेला उसके बाद वे चयनकर्ता व प्रशिक्षक की भूमिका भी निभाते रहे।







