sportsjharkhand.com टीम
रांची
सलामी बल्लेबाजों सकिबुल गनी और सिद्धांत विजय के छक्कों की बारिश की बदौलत सोनवर्षा दबंग ने व्हाइट प्लाकार्ड के अरमानों को धोते हुए 5वीं दीदी नीलम आनंद टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में अपनी जगह पक्की की। जहां उसका मुकाबला रविवार को मेकॉन से होगा, जिसने दूसरे सेमीफाइनल में त्रिवेणी ग्रुप ऑफ स्कूल को 5 विकेट से हराया।
शुक्रवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल में सकिबुल ने 16 छक्कों और 9 चौके की मदद से मात्र 59 गेंदों पर 143 नाबाद रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनके साथी ओपनर सिद्धांत ने भी 8 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 50 गेंदों पर 89 रन ठोके। दोनों ने पहले विकेट के लिए 93 गेंदों पर 207 रन की साझेदारी की। प्लाकार्ड की ओर से इरफान ने शानदार गेंदबाज़ी की और 23 रन खर्च 3 विकेट लिए। सोनवर्षा ने प्लाकार्ड के लिए 272 रनों का मुश्किल लक्ष्य दिया। प्लाकार्ड कि टीम 18.1 ओवर में 191 रनों पर सिमट गई और मैच 80 रन से हार गई। मैच के दौरान कूल 35 छक्के लगे। सोनवर्षा की ओर से वेटरन अरुण विद्यार्थी ने 4 विकेट लिए। सकिबुल को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
दूसरे सेमीफाइनल में त्रिवेणी ग्रुप ने पहले खेलते हुए 170 रन बनाए। सुब्रतो घोष ने 64, जितेंद्र ने 38 और राजेंद्र ने 19 रन बनाए। साकेत-सत्यम-नाज़िम ने 2-2 विकेट झटके। 171 रन का विजयी लक्ष्य मेकॉन ने 19वें ओवर में 5 विकेट खोकर पूरा कर लिया। मैन ऑफ द मैच अनिर्बन ने नाबाद 54, नाज़िम ने 33 और रौशन ने 28 रन का योगदान दिया। इस मैच में 16 छक्के लगे। फाइनल मुकाबला रविवार को खेला जाएगा।







