sportsjharkhand.com टीम
रांची
पटना पाइरेट्स की टीम रांची में है और 15 सितंबर को अपने होमग्राउंड पर होनेवाले मुकाबले की तैयारियों में खिलाड़ी जुट गए हैं। मंगलवार को पटना पाइरेट्स की टीम अभ्यास करने के लिए सुबह 7 बजे ही बिरसा स्टेडियम पहुंच गयी। इसी बीच समय निकालकर पटना पाइरेट्स के कप्तान और प्रो-कबड्डी लीग के पांचवें सिजन अब तक के टाॅप रेडर प्रदीप नरवाल ने sportsjharkhand.com के संपादक सुशील कुमार सिंह से बातचीत की। प्रस्तुत हैं बातचीत के प्रमुख अंश
SJ : अपने होमग्राउंड पर आकर कैसा लग रहा है ?
PN : देखों जी रांची हमारी टीम पटना पाइरेट्स का होमग्राउंड है लेकिन मैं पहली बार रांची आया हूं जी, रांची पहुंचे मुझे 24 घंटे भी नहीं हुए लेकिन यहां के लोगों की गर्मजोशी देखकर काफी उत्साहित हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि यहां पटना की काफी फैन फाॅलोइंग होगी, मज़ा आएगा जी यहां खेलकर। सोमवार को स्पोट्र्स काॅम्प्लेक्स गया था स्टेडियम देखकर दिल खुश हो गया जी। इतना भव्य और इतने सारे स्टेडियम एक ही जगह पर पूरे भारत में कहीं नहीं देखा। मज़ा आएगा जी यहां खेलकर।
SJ : प्रो कबड्डी लीग ने कबड्डी को नयी दिशा दी है, इसे आप किस रूप में देखते हैं ?
PN : देखो जी आपने सौ फिसद सही बात की है, लेकिन मैं आपकी ही बात को आगे बढ़ाते हुए कहता हूं कि पहले कबड्डी लोगों के दिल में थी, जुबां और मैदान/मैट पर नहीं थी। प्रो कबड्डी लीग कबड्डी के लिए संजीवनी बूटी बनकर आयी है। कबड्डी पुनर्जिवित हुई है, दो-दो तीन-तीन साल के बच्चों की जुबां पर कबड्डी है, टीवी के जरिए घर-घर तक पहुंचा है कबड्डी, ये है प्रो-कबड्डी लीग की सफलता।
SJ : प्रो कबड्डी से खिलाड़ियों को क्या लाभ हो रहा है ?
PN : सबसे ज्यादा फायदा खिलाड़ियों को हो रहा है, सभी को नौकरियों के अच्छे-अच्छे आॅफर मिल रहे हैं। पैसा भी मिल रहा और भगवान की कृपा है सभी को इज्जत भी मिल रही है। इतने सारे प्रशंसकों का प्यार भी मिल रहा है। इससे ज्यादा और क्या चाहिए।
SJ : कबड्डी और हरियाणा एक-दूसरे के पूरक हैं, पैर खिंचने में इतना मजा क्यों आता है आपलोग को ?
PN : कबड्डी और कुश्ती दोनों ही खेलों में पैर खिंचना एक कला है, हम उस कला में माहिर हैं और अपने राज्य हरियाणा और देश का नाम रौशन कर रहे हैं। देखो जी जो मिट्टी से जुड़ा होगा उसे ही खेल का महत्व पता होगा। हमारे यहां तो कुश्ती और कबड्डी हम पैर पर खड़े होते ही खेलना शुरू कर देते हैं। आप देख लो ओलंपिक और अन्य विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं में सबसे ज्यादा पदक हाल के सालों में हमने (हरियाणावालों) जीते हैं।
SJ : आपके परिवार में कौन-कौन कबड्डी खेलता है ?
PN : सभी लोग कबड्डी खेलते हैं लेकिन मेरे चाचा और मेरा भाई अच्छे खिलाड़ी हैं। यही नहीं पूरा गांव कबड्डी का दिवाना है जी। आपको जानकर आश्चर्य होगा कि मेरे गांव के 18 खिलाड़ी प्रो कबड्डी लीग खेल रहे हैं।
SJ : प्रो कबड्डी के 216 खिलाड़ी में से एक गांव के 18 खिलाड़ी ?
PN : हां, इतना आश्चर्य क्यों ? कई खिलाड़ी इन 18 खिलाड़ियों के पैर खिंचने के लिए भी तैयार बैठे हैं। मैं सोनीपत के रिन्ढाना का रहनेवाला हूं और मेरे गांव से मेरी ही टीम में जयदीप व विनोद, यू मूंबा से कुलदीप व जोगिंदर, यूपी से राजेश, गुजरात से राकेश, दिल्ली से सतपाल समेत विनोद, विरेन्द्र, बिनोद, अनिल, प्रमोद, सुरजीत समेत 18 खिलाड़ी सिर्फ और सिर्फ मेरे गांव से हैं।
SJ : पटना पाइरेट्स का होमग्राउंड पहले पटना था अब रांची लेकिन यहां से एक भी खिलाड़ी नहीं, ऐसा क्यों ?
PN : देखो जी मैं एक खिलाड़ी हूं और मेरा काम है खेलना। ये यहां के कोच साहब लोग बताएंगे कि यहां के खिलाड़ी टीम में जगह क्यों नहीं बना पा रहे। ये बताना मेरे बस की बात नहीं।
SJ : मैच के दौरान कैसे फैन एक्पेक्ट कर रहे हैं ?
PN : हमारी होमग्राउंड है, यहां तो हमें जोरदार सपोर्ट मिलेगा। सोमवार को होटल से बाहर निकलते ही हमें पता चल गया था कि यहां हमें अच्छा सपोर्ट मिलेगा। वैसे आपको बता दें प्रत्येक मैदान में पटना पाइरेट्स को दर्शकों का अच्छा सपोर्ट मिला है।







