Sports Jharkhand
खेल संघ में पदाधिकारी बनने का मामला, SC ने झारखंड कैडर के 7 IAS को नोटिस जारी करने का दिया आदेश
sportsjharkhand.com टीम रांची
17:56:30

sportsjharkhand.com टीम

रांची

खेल संघों में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के पदाधिकारी बनने संबंधित मामले में सर्वोच्च न्यायालय ने झारखंड कैडर के 7 IAS अधिकारियों समेत राज्य सरकार को नोटिस जारी करने का आदेश दिया है। उपेन्द्र कुमार राम बनाम भारत गणराज्य व अन्य (एसएलपी 30116/2016 ) के मामले में बुधवार को मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा, जस्टिस एएम खनविलकर व जस्टिस डीवाई चंद्रचुड़ की अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए रेस्पोंडेंट नंबर एक से तीन को छोड़कर अन्य सभी 17 रेस्पोंडेंट को नोटिस जारी करने का आदेश दिया। नोटिस का जवाब देने के लिए सभी को 4 सप्ताह का समय दिया गया है। इससे पहले भारत गणराज्य व खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्रालय को अफसरों के माध्यम से पहले ही नोटिस जारी करने का आदेश दे दिया गया था। पता हो कि झारखंड उच्च न्यायालय ने 11 अगस्त 2015 को उपेन्द्र कुमार राम की जनहित याचिका 3876/2014 को खारिज कर दिया था, जिसके बाद सर्वोच्च न्यायालय में SLP दायर की गयी थी।   

इन IAS अधिकारियों को नोटिस जारी करने का हुआ है आदेश

उदय प्रताप सिंह तत्कालीन अध्यक्ष झारखंड कुश्ती संघ, एनएन सिन्हा तत्कालीन अध्यक्ष झारखंड तैराकी संघ, आरके श्रीवास्तव तत्कालीन अध्यक्ष झारखंड ताइक्वांडो संघ, अरूण कुमार सिंह तत्कालीन अध्यक्ष झारखंड याचिंग संघ, के रवि कुमार तत्कालीन उपाध्यक्ष सह कार्यकारी अध्यक्ष झारखंड कुश्ती संघ एवं तत्कालीन अध्यक्ष झारखंड सिलंबम संघ, मनोज कुमार तत्कालीन उपाध्यक्ष झारखंड कुश्ती संघ और के श्रीनिवासन तत्कालीन उपाध्यक्ष झारखंड कुश्ती संघ को नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा  भारतीय कुश्ती संघ, भारतीय तैराकी संघ, ताइक्वांडो फेडरेशन आॅफ इंडिया, सिलंबम फेडरेशन आॅफ इंडिया, याचिंग एसोसिएशन आॅफ इंडिया और शैलेन्द्र पाठक तत्कालीन महासचिव गढ़वा जिला कुश्ती संघ को भी नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया है। 

झारखंड में जनम... जनम... का साथ है हमारा (अधिकारियों)... तुम्हारा (खेल संघ) 

झारखंड के खेल संघों में भारतीय सेवा के अधिकारियों के पदाधिकारी बनने का याराना काफी पुराना है। पिछले दो दशकों की बात करें तो आइपीएस अधिकारियों ने इसकी शुरूआत की जिसमें आलोक राज, अमिताभ चैधरी, रामेश्वर उरांव, आर आर प्रसाद, बीएन मिश्रा के नाम प्रमुख हैं। खेलों में आइपीएस अधिकारियों की धमक के बाद आइएएस अधिकारियों ने भी रूची लेनी शुरू की और यूपी सिंह, अरूण सिंह, के रवि कुमार, के के सोन सरीखे तेज तर्रार अधिकारियों ने भी समय-समय पर (वर्तमान में भी) खेल संघों की बागडोर संभाली। झारखंड में पदाधिकारी बनने वाले अफसरों की सूची काफी बड़ी है और खेल संघों से जुड़ने की हसरत रखनेवाले अधिकारियों की सूची उससे भी लंबी।