Sports Jharkhand
हिप.. हिप.. हुर्रे.. : सिल्ली स्टेडियम में दिखा खेल सूत्र में बंधा झारखंड
sportsjharkhand.com टीम रांची
20:28:06

sportsjharkhand.com टीम

सिल्ली/रांची

झारखंड स्पोर्ट्स वेलफेयर फाउंडेशन के बैनर तले हिप.. हिप... हुर्रे... स्पोर्ट्स मीट के उद्घाटन समारोह के दौरान खेल सूत्र में बंधा झारखंड सिल्ली स्टेडियम में उतर आया। मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री/खेल मंत्री सुदेश महतो ने स्पोर्ट्स मीट का उद्घाटन किया। फाउंडेशन की ओर से सिल्ली में तीन दिनों तक झारखंड के 250 प्रखंडों के 250 टीमों के बीच युवाओं की उर्जा के सकारात्मक उपयोग के मूल मकसद से फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। आधिकारिक उद्घाटन समारोह के दौरान डीएवी स्कूल, कस्तूरबा स्कूल और नंदलाल नायक की टीम ने रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। खिलाड़ियों ने शपथ ली कि वे आयोजन के मुख्य मकसद को प्राप्त करने के लिए पूरा प्रयास करेंगे। खिलाड़ियों से भरे स्टेडियम से सकारात्मक उर्जा का संचार होता रहा। कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री उमाकांत रजक, फुटबॉल कोच सह साई प्रभारी सुशील वर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष सुकरा मुंडा, जयदीप सरकार, सावित्री पूर्ती समेत सैकड़ों खेल प्रेमी उपस्थित थे।

खेल से बदलेगा झारखंड का चेहरा : सुदेश महतो

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने कहा कि खेल हमारे सांस्कृतिक संस्कारों का अहम हिस्सा है और हम खेल से झारखंड के चेहरा बदलना चाहते हैं। झारखंड की पहचान भू संपदा से है लेकिन इस आयोजन से हम भूमि के ऊपर मौजूद संपदा से देश का साक्षात्कार कराना चाहते हैं।

तीन युवा महिला एथलीटों के सपना पूरा करेगा फाउंडेशन 

कार्यक्रम में फाउंडेशन के अध्यक्ष सुदेश महतो ने घोषणा की कि तीन महिला एथलीट खिलाड़ियों के ओलंपिक में पदक जीतने का सपना पूरा करेगा। आयोजकों की ओर से अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर  शानदार प्रदर्शन करनेवाले खिलाड़ियों को विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया। जिन खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया उनमे प्रियंका केरकेट्टा, अनुरूपा कुमारी, सपना कुमारी, मधुमिता, शिल्पी, बबिता और दिनेश कुमार शामिल हैं। एथलेटिक्स कोच विनोद कुमार सिंह को भी सम्मानित किया गया। 

सुबह के सत्र से ही शुरू हो गया मैच का आयोजन

सिल्ली के चार जगहों पर सुबह से ही फुटबॉल मैच का आयोजन शुरू हो गया। 250 प्रखंड की 250 टीमों के बीच फुटबॉल के मुकाबले होने हैं, इसलिए कई जगहों पर मैचों का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को लगभग दो दर्जन मैच खेले गए। सुबह नौ बजे रन फॉन झारखंड (साइक्लिंग) का भी आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों खिलाड़ियों ने भाग लिया। 


ग्रामीण खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराने का हमारा ये प्रयास है, सैकड़ों खिलाड़ियों की उपस्थिति ये बता रही है कि हमारा प्रयास सफल रहा।

सावित्री पूर्ति, आयोजक the