Sports Jharkhand
400 किलोवाट सोलर बिजली प्लांट के साथ JSCA स्टेडियम बना रांची का Go Green एम्बेसेडर
sportsjharkhand.com टीम रांची
20:39:31


HEC धुर्वा स्थित JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम राज्य का पहला स्टेडियम बना जो अपने उपयोग के लिए ज़रूरी ऊर्जा का 80 प्रतिशत का उत्पादन स्वयं के सोलर एनर्जी प्लांट से करेगा। पिछले 2 साल से चली आ रही प्रक्रिया के बाद 3 दिसंबर से 400 किलोवाट सोलर बिजली उत्पादन का ट्रायल शुरू हो गया है। इस प्लांट से JSCA ने एक साल में 5.28 लाख किलोवाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य रखा है। छह मास्ट लाइट के बिजली की खपत को छोड़ दें तो JSCA अपनी कुल बिजली की खपत का लगभग 80 प्रतिशत बिजली अपने सोलर प्लांट से ही उत्पादित करेगा। सोलर प्लांट और उसके पांच वर्ष के मेंटेनेंस का खर्च 1.76 करोड़ रुपये आया है, जिसमें जेरेडा की ओर से 52 लाख रुपये की सब्सिडी मिली है। प्रतिवर्ष बिजली के बिल में लगभग 30 लाख रुपये की बजत होगी मतलब 5 वर्षों में प्लांट की लागत वसूल हो जाएगी। सोलर प्लांट की लाइफ 25 वर्ष है और ये कार्य रांची की स्विचर एजेंसी ने किया है। इस उपलब्धि के साथ ही JSCA स्टेडियम रांची का Go Green एम्बेसेडर बन गया है। पता हो कि बहुत जल्द झारखंड के नवनिर्मित विधानसभा भवन व उच्च न्यायालय भवन भी Go Green पावर हब बननेवाले हैं।



पर्यावरण की रक्षा के साथ Go Green का संदेश देना लक्ष्य : अजयनाथ शाहदेव 


JSCA के उपाध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव ने बताया कि हम सोलर प्लांट की स्थापना से Go Green पावर का संदेश देना चाहते हैं। सोलर प्लांट से बिजली उत्पादन से अप्रत्यक्ष रूप से प्रतिवर्ष 528 टन कॉर्बन डाईऑक्साइड वातावरण में फैलने से बचेगा। जिससे पर्यावरण को बचाये रखने में भी मदद मिलेगी।