Sports Jharkhand
ये है प्रशासनिक महकमे को लगी जंग की तस्वीर !
sportsjharkhand.com टीम रांची
11:00:27

sportsjharkhand.com टीम

रांची 

वास्तु शास्त्र कहता है कि प्रत्येक भूमि का अपना गुण-दोष होता है। होटवार, रांची स्थित स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स का भी अपना गुण-दोष है और इसकी तासीर ऐसी है कि काॅम्प्लेक्स के निर्माण का सपना देखनेवाले तीन महानुभावों में से एक पड़ोस में स्थित श्रीकृष्ण जी की जन्मस्थली का दौरा कर आए हैं, एक दौरे पर हैं और एक अपनी बारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स के मुख्य द्वार से प्रवेश करते ही सामने भव्य शेख भिखारी प्रशासनिक भवन दिखता है। काॅम्प्लेक्स जाएं तो ध्यान से देखिएगा अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में भव्य इमारत पर लिखे 8 शब्दों ( SHEKH BHIKHARI ADMINISTRATIVE BUILDING व शेख भिखारी प्रशासनिक भवन) में से सिर्फ और सिर्फ एक शब्द जंग की चपेट में है। वह शब्द है प्रशासनिक ! पिछले तीन वर्षों के दौरान स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स की प्रकृति में ऐसा क्या बदलाव आया कि आठ शब्दों में से सिर्फ और सिर्फ एक शब्द प्रशासनिक पर ही जड़ता के प्रतीक जंग ने अपना डेरा जमा लिया है। ऐसा क्यों हुआ ? ये भूमि का गुण-दोष है या प्रकृति ने हमारी कमियों को इंगित करने के लिए कोई इशारा किया है या कुछ और इसकी व्याख्या तो कर्मठ, राष्ट्रनिर्माता व स्वप्नदृष्टा ही बेहतर तरीके से व्याख्या कर सकते हैं। जिज्ञासा बनी हुई है ! मामला प्रशासनिक अक्षमता व सक्षमता से जो जुड़ा है।


कबाड़ में तब्दील हो गया प्रशासनिक भवन

पिछले तीन वर्षों में स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स स्थित शेख भिखारी प्रशासनिक भवन कबाड़ में तब्दील हो गया है। 2015-16 में भी उजड़े हुए छत ही आपका स्वागत करते थे और 2018 में भी यही स्थित है। फिर मेंटेनेंस कब और किसका हुआ ? पिछले चार-पांच माह से sportsjharkhand.com लगातार उजड़े हुए प्रशासनिक भवन की तस्वीरों सहित खबरें छाप रहा है लेकिन मेंटेनेंस में लगे अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। मेंटेनेंस के काम में लगे अधिकारी इतने व्यस्त हैं कि पट्टाया व बैंकाॅक की विदेश यात्रा से खुद को तरोताजा करने में लगे हुए हैं। बकौल गोपाल सिंह जी रात नौ-दस बजे तक अधिकारी काम करते हैं, शायद रात के अंधेरों में प्रशासनिक भवन का उजड़ा चमन उन्हें नहीं दिखता हो। अधिकारियों से कहिए दिनौंधी के चश्मों से बाहर आते हुए दिन के उजाले में कभी स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स का कदमताल करें और अत्यंत जरूरी मेंटेनेंस का काम यथाशिघ्र शुरू करें। 

प्रशासनिक भवन का छत उड़ा, जगह-जगह जमा पानी

sportsjharkhand.com की टीम जब प्रशासनिक भवन का जायजा लेने छत पर पहुंची तो चप्पल हाथ में उठाकर छत का भ्रमण करना पड़ा। छत पर जगह-जगह पानी जमा था, सफाई का नामो निशान तक नहीं दिखा। उजड़े-बिखरे सामान बता रहे थे कि सालों-महीनों से कोई इधर आया भी नहीं है। उजड़ चुके छत की भुड़कियों से खेल गांव का दर्शन आप भी करें (देखें तस्वीर)। दूसरे तल्ले पर छत का पानी रिस कर आ रहा है जिससे दिवारों पर काई जम गई है, जिधर देखिए धूल-कण व अंधेरे का साम्राज्य, लेकिन सीएमडी का दावा कि मेंटेनेंस का काम अच्छे तरह से हो रहा है ! हमारा आग्रह है कि अधिकारियों के प्रभाव में आकर माइक पर मेंटेनेंस का गुणगान करने की बजाय एक दिन इमानदारी से गाड़ी से जमीं पर उतरकर भ्रमण कर लीजिए, आंखें खुल जाएंगी। अपने वायदे के अनुसार sportsjharkhand.com शनिवार को आपको और अपने पाठकों को एक और स्टेडियम/भवन की जर्जर स्थित से अवगत कराएगा। 

... अब सिर्फ 6 दिन बचे हैं

सीएमडी जी sportsjharkhand.com आपको ये याद दिलाना चाहता है कि आपने गुरुवार को दर्जनों पत्रकारों के सामने ये वायदा किया है कि एक सप्ताह के अंदर आप स्वयं पत्रकारों को स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स घुमाने ले जाएंगे। इसके लिए आपने पत्रकारों से तीन-चार घंटे का समय निकालने का आग्रह भी किया है। हम सभी पत्रकार तैयार बैठे हैं, एक दिन गुजर गए अब सिर्फ 6 दिन बचे हैं। बस आपके पीआरओ आॅफिस से आनेवाले फोन/व्हाट्सएप्प मैसेज का इंतजार है।