Sports Jharkhand
JOA : करवटे बदलते रहे पूरे साल हम, आपकी कसम !!
sportsjharkhand.com टीम रांची
11:09:07

sportsjharkhand.com टीम

रांची

बीत गए... दिन पर दिन बीत गए... 27 मई 2017 को गुजरे एक साल हो गए। 27 मई 2017 को ही झारखंड ओलंपिक संघ (JOA) का हाई प्रोफाइल चुनाव रांची में सम्पन्न हुआ था, तब JOA के नवनिर्वाचित पदधिकारियों ने संघ को पुनर्जीवित करने के लिए दर्ज़नो प्राथमिकताएं गिनाई थीं। रांची में अपना ऑफिस होगा, संघ खेल की गतिविधियों को आगे बढ़ाएगा, आपसी वैमनस्यता को भूल सभी खेल संघों को JOA से जोड़ा जाएगा, खिलाड़ियों के हक-हुक़ूक़ की लड़ाई लड़ेगा और ना जाने क्या-क्या ? A2Z तक प्राथमिकताओं की पोटली खोल दी गई थी। लेकिन बीते एक साल में प्राथमिकताओं को पोटली से निकलने का अवसर ही नही मिल पाया।

बीते एक साल में JOA के प्रवासी अध्यक्ष आर के आनंद और महासचिव विशाल शर्मा ने राजधानी के खेल-खिलाड़ियों से पूरी दूरी बनाकर रखी। आरके आनंद नवंबर माह में वॉलीबॉल संघ की AGM में और निगरानी के पास हाज़िरी लगाने के दौरान तो दिखे भी। लातेहार निवासी महासचिव विशाल शर्मा पूरे साल मिस्टर इनविजिबल बने रहे।


साथियों को निपटाना JOA की प्राथमिकता

JOA के इतिहास को देखें तो पता चलता है कि खेल और खिलाड़ी कभी भी JOA की प्राथमिकताओं में शामिल नही रहे। राष्ट्रीय खेलों का आयोजन और विरोधियों को निपटाना सदैव ही JOA की पहली व आखिरी प्राथमिकता रही है। रामेश्वर उराँव, अमिताभ चौधरी, कुलदीप सिंह, एन होदा, जयकुमार सिन्हा, भोला सिंह, एस एम हाशमी कुछ प्रमुख नाम हैं जिन्हें किनारा दिखा दिया गया। साथियों को निपटाने में जितनी तेजी और ऊर्जा JOA खपाता है, उसका 10 प्रतिशत अगर खेल व खिलाड़ियों के हित में लगाता तो झारखंड के खेल की तस्वीर कुछ और होती।


जागो... जागो... JOA... जागो... !

नई कमिटी को अभी मात्र एक साल ही हुआ है। अभी भी वक्त है खेल व खिलाड़ियों के हित मे बहुत कुछ करना शेष है। एक ओर जहां अपने ही लोगों के हाथों खिलाड़ियों को आर्थिक, शारीरिक, मानषिक शोषण से बचाने की बड़ी चुनौती है तो दूसरी ओर खिलाड़ियों के नियोजन-नौकरी की महत्ती लड़ाई भी लड़नी है। लेकिन इन सभी के लिए JOA को जागना होगा गहरी निंद्रा से। जब जागो तभी सवेरा !


...एक और JOA भी सोता रहा

27 मई को चुनाव के दिन एक और JOA खेल के चुनावी बाज़ार में उतरा था। कमिटी बनी, उसके बाद से ही कुम्भकर्णी निंद्रा के आगोश में है। मीडिया की सुर्खियां बटोरने के लिए कभी-कभार जगने का भ्रम पैदा किया जाता रहा है। खेल-खिलाड़ियों के हितों में ये JOA भी मुख्य JOA की राह पर कदमताल कर रहा है।