Sports Jharkhand
भारतीय तीरंदाजों का औसत प्रदर्शन जारी, रिकर्व महिला व पुरुष टीम क्वाफा में, चीनी ताईपे व द. कोरिया से होगा मुकाबला
sportsjharkhand.com टीम रांची
09:42:31

sportsjharkhand.com टीम

रांची

रिकर्व एकल व मिश्रित तथा कंपाउंड मिश्रित युगल में पदक दौड़ से बाहर हो चुके भारतीय तीरंदाजों का जकार्ता एशियन खेलों में औसत प्रदर्शन जारी है। शनिवार की सुबह रिकर्व महिला टीम स्पर्धा के प्री क्वार्टर फाइनल में दीपिका कुमारी, अंकिता भगत व पी दायमेरी मंगोलियन तीरंदाजों की गलतियों की बदौलत 5-3 अंक से क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई। चौथे सेट के आखिरी प्रयास में दीपिका ने 8 अंक बटोरे, मंगोलिया को सेट जीतने और मुकाबले को शूट ऑफ में ले जाने के लिए 8 अंक चाहिए थे लेकिन उसके तीरंदाज का तीर 7 अंक पर लगा और सेट ड्रा हो गया। अंकों की बात करें तो भारत ने मंगोलिया को 55-50, 52-51, 55-56, 54-54 से हराया। क्वार्टर फाइनल में भारत का मुकाबला मजबूत दिख रही चीनी ताइपे से होगा। चीनी ताइपे की तीन खिलाड़ियों की ताज़ा विश्व रैंकिंग क्रमशः 5, 10 व 26 है जबकि भारतीय खिलाड़ियों की 7, 15 व 48 है।


पुरुष टीम का भी औसत प्रदर्शन

रिकर्व टीम पुरुष वर्ग के मुकाबले में अतानु दास, विश्वास व जगदीश चौधरी का प्रदर्शन आशानुरूप नही रहा। भारत ने प्री क्वार्टर में वियतनाम को 5-3 अंक के साथ हराने में कामयाब रहे। भारत ने वियतनाम के खिलाफ पहले सेट 55-49 से जीता लेकिन दूसरा सेट 52-54 से हार गए। तीसरे सेट में 55-50 से आगे रहे और चौथा सेट 52-52 से बराबरी पर छूटा। क्वार्टर फाइनल में भारत का मुकाबला दक्षिण कोरिया से होगा।


दीपिका का खराब प्रदर्शन जारी

प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में दीपिका ने टारगेट पर 8 निशाना लगाया और उनके अंक क्रमशः 10, 7, 9, 7, 9, 8, 9 व 8 रहे। विश्व की 7 नंबर रैंकिंग वाले खिलाड़ी से इससे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहती है और है। आशा है आज दोपहर होनेवाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में चीनी ताइपे के खिलाफ दीपिका बेहतर प्रदर्शन करेंगी।