Sports Jharkhand
OTC मैदान को भू-माफिया से बचाने के लिए हेहल अकादमी का प्रतिनिधिमंडल मुख्य सचिव से मिला
sportsjharkhand.com टीम रांची
13:59:30



दशकों से रातू रोड की ज्यादातर खेल गतिविधियों का केंद्र रहा OTC मैदान एक बार फिर भू-माफियाओं के निशाने है।  कुछ भू-माफिया व जमीन दलाल मिलकर OTC मैदान बेचने के कुचक्र में सक्रिय हो गए हैं। एक महिला के नाम पर उक्त मैदान की गैर कानूनी तरीके से रजिस्ट्री करा लेने संबंधी जानकारी मिलने के बाद हेहल स्पोर्टिंग, रांची के अध्यक्ष पूर्व IPS अधिकारी डॉ अरुण उराँव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को झारखंड के मुख्य सचिव से मुलाकात कर मैदान को बचाने की गुहार लगाई। पिछले अनेक वर्षों से इस बेशकीमती भूखंड को अवैध तरीके से बिक्री करने के अनेक प्रयास हुए हैं। प्रतिनिधिमंडल ने इस ऐतिहासिक खेल मैदान को राँची के भावी पीढ़ी के बच्चों, खिलाड़ियों, महिलाओं एवं सीनियर सिटीजनों के लिये अति आवश्यक बताते हुए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने तत्काल अवैध रजिस्ट्री को रद्द करने हुए मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने का आग्रह भी किया। मुख्य सचिव को यह भी बताया गया कि प्रबुद्ध नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अब तक भूमाफियाओं के खिलाफ, कानूनी तरीके से लड़ते हुए, उनके षडयंत्र को विफल करने हेहल स्पोर्टिंग कामयाब रहा है, आप आपके सहयोग की दरकार है। प्रतिनिधिमंडल में हेहल स्पोर्टिंग राँची के डॉ शेखर चौधरी, कैलाश सिंहदेव, नवेन्दु भारती, संजय मिश्रा, सौमित्र पटनायक, रविन्द्र पांडेय एवं शक्ति तिर्की शामिल थे।




1981 से लगातार आयोजित होती रही है प्रतियोगिता 


हरे भरे पेड़ पौधों से आच्छादित इस मैदान में 1981 से कार्तिक उराँव क्रिकेट व फुटबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन होता आ रहा है। महेंद्र सिंह धौनी ने इस मैदान पर दर्जनों मैच में शिरकत की है।  प्रतिदिन सुबह शाम सैकड़ों बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं टहलने-दौड़ने के लिए आते हैं।क्रिकेट, फुटबॉल, एथलेटिक्स से जुड़े खिलाड़ी नियमित अभ्यास करते हैं।  मैदान चारों ओर से खुला होने के साथ 5 किलोमीटर के दायरे में स्थानीय बच्चों के शारीरिक विकास व मनोरंजन हेतु  एकमात्र उपलब्ध मैदान है।