Sports Jharkhand
राष्ट्रीय खेल घोटाले में जांच की परिधि बढ़ी, एक दर्ज़न नए आरोपियों पर कार्रवाई की तैयारी में जुटी ACB
sportsjharkhand.com टीम रांची
20:22:48

sportsjharkhand.com टीम

रांची



राष्ट्रीय खेल घोटाले में जांच की परिधि बढ़ते ही ACB लगभग एक दर्ज़न नए आरोपियों पर शिकंजा कसने की तैयारी में जुट गई है। जांच के दौरान खेल सामग्री व ट्रांसपोर्ट-इवेंट मैनेजमेंट का काम करनेवाले 8 वेंडरों, भारतीय ओलंपिक संघ के तत्कालीन 3 पदाधिकारियों व एक-दो सरकारिकर्मियों के खिलाफ भी पुख्ता सबूत ACB के हाथ लगे हैं। sportsjharkhand.com को मिली जानकारी के अनुसार सबूत इतने पुख्ता हैं कि सभी के खिलाफ चार्जशीट करने की भी तैयारी की जा रही है। कुछ आरोपियों को एक-दो बार पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। पता हो कि ज्यादातर आरोपियों से पहले ही कई दौर की पूछताछ हो चुकी है। जिनपर चार्जशीट दायर करने की तैयारी है उनमें से कुछ वेंडरों को पहले गवाह के रूप में ACB ने चिन्हित किया था। ईन सभी पर आरोप है कि NGOC के पदाधिकारियों के साथ मिलकर इन्होंने 3 का सामान 13 में बेचा जिससे करोड़ों रुपये के राजस्व की हानि हुई।




इन वेंडरों को अप्राथमिकी अभियुक्त बनाने की है तैयारी


1. शिव नरेश

2. खालसा स्पोर्ट्स

3. चड्डा स्पोर्ट्स, नई दिल्ली

4. एस के स्पोर्ट्स

5. अमित को

6. जेम इंटरनेशनल, फरीदाबाद

7. सुरेंद्र ट्रांसपोर्ट व

8. विज़क्राफ्ट


नोट : 1 से 6 तक ने खेल सामग्री, 7 ट्रांसपोर्ट व 8 ओपेनिंग-क्लोजिंग सेरिमनी से जुड़ी कंपनी है




सुरेश कलमाड़ी व ललित भनोट भी रडार पर


IOA के तत्कालीन अध्यक्ष व CWG घोटाले के आरोपी सुरेश कलमाडी, खेल सामग्रियों की सूची बनाने के लिए IOA द्वारा बनाई गई कमिटी के अध्यक्ष CWG घोटाले के आरोपी ललित भनोट समेत राष्ट्रीय खेल संघों के कुछ पदाधिकारी भी ACB के रडार पर हैं। जिन्होंने किसी खास ब्रांड की इलेक्ट्रॉनिक या खेल सामग्री खरीदने का दवाब बनाया, जिससे सरकारी राजस्व की हानि हुई। पता हो कि इनमें से सुरेश कलमाड़ी व ललित भनोट से ACB पूर्व में ही पूछताछ कर चुकी है।




पहले ही पूर्व खेल मंत्री बंधु समेत टेंडर कमिटी के 4 सदस्यों को अप्राथमिकी अभियुक्त बना चुकी है ACB


पता हो 4 अक्टूबर 2010 को दर्ज प्राथमिकी में सिर्फ और सिर्फ 4 लोगों आरके आनंद, पीसी मिश्रा, एस एम हाशमी व मधुकांत पाठक को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। इसके बाद जैसे ही जांच की परिधि बढ़ी पूर्व खेल मंत्री बंधु तिर्की व टेंडर कमिटी के चार अन्य सदस्यों क्रमशः सुविमल मुखोपाध्याय, पीके चौधरी, सुखदेव सुबोध गांधी व एच एल दास को अप्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया। जिनमे से बंधु तिर्की अभी न्यायिक हिरासत में हैं। सभी के खिलाफ ACB जल्द ही चार्जशीट दायर कर सकती है।