Sports Jharkhand
वेब तकनीक के जरिए 30 अगस्त को होगा JSCA का AGM
sportsjharkhand.com टीम रांची
01:06:36



झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की वार्षिक आम सभा 30 अगस्त को वेब तकनीक के जरिये होगी। कोरोना महामारी के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की अनिवार्यता के कारण 9 अगस्त को रांची के JSCA स्टेडियम में हुई कमिटी ऑफ मैनेजमेंट की बैठक में ये फैसला लिया गया। कमिटी की बैठक में प्रशासन की विशेष अनुमति के बाद  अध्यक्ष समेत 5 सदस्य JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में बैठे जबकि कई अन्य सदस्य वेब के जरिये बैठक में शामिल हुए। वार्षिक रिपोर्ट व वित्तीय रिपोर्ट तैयार नहीं होने के कारण इस सप्ताह के अंत या अगले सप्ताह में आधिकारिक तौर पर AGM की तिथि की घोषणा की औपचारिकता को पूरा कर दिया जाएगा। JSCA संविधान के अनुसार AGM के लिए कम से कम 9 दिन पहले नोटिस दिए जाने की अनिवार्यता है। इस लिहाज से 21 अगस्त तक नोटिस जारी किया जा सकता है।




ऐसे होगा AGM


JSCA के सभी सदस्यों को ईमेल/व्हाट्सएप्प/टेक्स्ट/टेलीग्राम मैसेज के जरिये AGM की लिंक भेजी जाएगी। इसमें लिंक व पासवर्ड रहेगा, जिससे सदस्य AGM का हिस्सा बन पाएंगे। JSCA प्रबंधन वेब पर मौजूद कई एप्प/तकनीक के विभिन्न पहलुओं पर मंथन करने में जुटा है। जिससे सदस्यों को AGM का हिस्सा बनने में कोई तकनीकी परेशानी नहीं हो। सदस्यों को AGM के बैठक की सूचना व वार्षिक रिपोर्ट भी मेल से ही भेजी जाएगी। जो सदस्य प्रश्न पूछता चाहते हैं, उन्हें विहित प्रावधानों के तहत अपना प्रश्न मेल से ही भेजना होगा।




कमिटी ऑफ मैनेजमेंट की तस्वीरें क्यों सार्वजनिक नहीं होती ?


JSCA की कमिटी ऑफ मैनेजमेंट की बैठक की तस्वीर किसी ने देखी है ? अगर देखी है तो इस ऐतिहासिक तस्वीर का दीदार करने की प्रबल इच्छा है। लेकिन दूसरी ओर JSCA के किसी भी पद के लिए अयोग्य घोषित हो चुके महानुभाव जमशेदपुर में अपने प्यादे (जो कि JSCA के पदाधिकारी भी हैं, टिकट बांटना जिनका काम है) के यहां बैठक करते हैं। तो तस्वीरें सार्वजनिक होती हैं और ख़बर भी छपवाई जाती है। जो अयोग्य उसकी तस्वीर व ख़बर प्रेषित होती है और जो पदाधिकारी हैं उनकी खबर सेंसर्ड ! 

दरअसल कमिटी ऑफ मैनेजमेंट की बैठक में एक बंदा ऐसा बैठता है, जो बैठने की योग्यता नहीं रखता और यही कारण है कि बैठक की तस्वीरें सार्वजनिक नहीं होती। सुना है हज़ारों की तनख्वाह पर एक मीडिया मैनेजर JSCA में कार्यरत हैं !



कमिटी ऑफ मैनेजमेंट की बैठक में AGM के निर्णय के संदर्भ में JSCA के पदाधिकारियों ने विभिन्न मीडियाकर्मियों  से क्या-क्या कहा


अध्यक्ष डॉ नफ़ीस अख़्तर 


अब आपसे क्या छुपाना, मैं तो JSCA का डमी प्रेसिडेंट हूँ, यही सच्चाई है। वैसे भी कोरोना काल में मेरी प्राथमिकता इलाज है। अजय जी (उपाध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव) से बात कर लीजिए न।


उपाध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव


(दो-चार बार फोन नहीं उठा फिर) मैं बैठक से थोड़ा पहले निकल गया था।  सचिव जी (संजय सहाय) से बात कर लीजिए न।


सचिव संजय सहाय


(फोन नहीं उठाया ज्यादातर पत्रकारों के, फिर फोन कर कहा) हमलोग बैठे थे लेकिन आप जो कह रहे हैं, उसपर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है।


संयुक्त सचिव राजीव बधान


बेहतर होगा कि आप इस संदर्भ में अजयनाथ शाहदेव से बात कर लीजिए, वही बताएंगे।