sportsjharkhand.com टीम रांची रांची
1992 के अर्जुन पुरस्कार विजेता व 2008 के द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता संजीव कुमार सिंह भारतीय तीरंदाजी का वो नाम है जो किसी परिचय का मोहताज नहीं। स्वयं रिकर्व व कालांतर में कंपाउंड के विश्वस्तरयी खिलाड़ी रह चुके संजीव को भारत में तीरंदाजी के कंपाउंड स्पर्धा का जनक माना जाता है। झारखंड में तीरंदाजी की जो पौध तैयार हो रही है उसके बीज संजीव सिंह ने बोए थे। एशियाई खेलों में झारखंड की बेटी मधुमिता के कंपाउंड महिला टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतने के बाद झारखंड में कंपाउंड इवेंट की संभावनाओं पर स्पोटर्सझारखंड.कॉम नें झारखंड की माटी से लंबे समय तक जुड़े रहे संजीव सिंह से लंबी बातचीत की। पेश हैं मुख्य अंश
स्पोटर्सझारखंड.कॉम : एशियाई खेलों में मधुमिता के प्रदर्शन को आप किस रूप में देखते हैं ?
संजीव सिंह : पिछले एक वर्ष के दौरान मधुमिता ने अपने प्रदर्शन से सभी को चौंकाया है। एशियाई खेलों में कंपाउंड टीम में मधुमिता अंडरडॉग के रूप में शामिल हुई और कुछ करने की ललक, लगन, गुरुजनों की बातों पर ध्यान देकर अथक परिश्रम व लक्ष्य की प्राप्ति के लिए जरूरी एकाग्रता की बदौलत उसने वो सबकुछ हासिल किया जो किसी भी तीरंदाज का सपना होता है। सच तो ये है कि तीरंदाजी के जानकारों को ये विश्वास नहीं था कि एशियाई खेलों की रैंकिंग राउंड के बाद मधुमिता टॉप तीन में अपनी जगह पक्की कर पाएगी लेकिन उसने कर दिखाया। टॉप तीन में रहते हुए टीम को रजत पदक भी दिलाया। मुझे इस बात की खुशी है कि उसने बहुत लोगों के साथ मुझे भी गलत साबित किया।
स्पोटर्सझारखंड.कॉम : झारखंड के परिप्रेक्ष्य में कंपाउंड, मधुमिता और सफलता के क्या मायने हैं ?
संजीव सिंह : कंपाउंड विधा अन्य विधाओं (इंडियन व रिकर्व) से अपेक्षाकृत सबसे नई विधा है। झारखंड में इस विधा के विश्वविजेता पैदा करने की क्षमता है। झारखंड में इस विधा को बढ़ाने के लिए एक पोस्टर गर्ल की जरूरत थी, जिसे मधुमिता ने पूरा कर दिया है। दीपिका ने रिकर्व में अच्छा प्रदर्शन कर युवाओं को इस खेल की ओर जोड़ा अब कंपाउंड में यही काम मधुमिता ने कर दिया है। मधुमिता के लिए रांची से लेकर सिल्ली तक सड़कों पर उमड़ा विशाल जनसमूह इसकी गवाही देता है।
स्पोटर्सझारखंड.कॉम : आपने कहा कंपाउंड में झारखंड विश्वविजेता बन सकता है, कैसे ?
संजीव सिंह : 2004 न्यूयार्क में जब मैं जब भारतीय टीम के कोच के रूप में अमेरिका गया था, हमारी टीम पुरूषों की रिकर्व में चौथे और महिला वर्ग में छठे स्थान पर रही थी। न्यूयार्क में पहली बार कंपाउंड विधा के बारे में सुना-देखा और प्रभावित हुआ। रिकर्व की अपेक्षा शारीरिक बल कम लगता है, इसलिए मुझे झारखंडियों के परिप्रेक्ष्य में ये स्पर्धा काफी फलदायक लगा। हम सभी ने चंदा इकट्ठा किया और कंपाउंड के कुछ इक्वीपमेंट के साथ भारत लौटे। शुरूआत करने में कई अड़चने आईं, कंपाउंड में संभावना है इसलिए मैं रिकर्व का कोच रहते कंपाउंड का खिलाड़ी भी बन गया। विपरित परिस्थितियों में झारखंड के तत्कालीन सीएम अर्जुन मुंडा जी और टाटा स्टील के मुत्थुरमण सर के सहयोग से कंपाउंड आगे बढ़ा। 2006 में कॉमनवेल्थ देशों को जोड़कर टाटा में तीरंदाजी कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन हुआ, सारे पदक झारखंड के तीरंदाजों ने अपने नाम किए। बाद में पलटन हांसदा जूनियर विश्व चैंपियन बने, झानू हांसदा एशियन चैंपियनशिप में जीतीं। निवा केरकेट्टा, बंसरा लीन धर, भेग्याबाटी चांदू आदि खिलाड़ियों ने देश और विदेश में कंपाउंड का झंडा बुलंद किया। फिर खरसावां में आर्चरी अकादमी खुली और शेष इतिहास है। झारखंड के लोग जिस कद-काठी के हैं उनके लिए कंपाउंड स्पर्धा में जगह बनाना रिकर्व की अपेक्षा ज्यादा आसान होगा।
स्पोटर्सझारखंड.कॉम : खिलाड़ियों का सपना ओलंपिक खेलना होता है लेकिन कंपाउंड ओलंपिक में शामिल नहीं, इसका कितना प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है
संजीव सिंह : आपने सही कहा कंपाउंड विधा अभी ओलंपिक खेलों का हिस्सा नहीं है लेकिन मैं आपको बताना चाहता है हूं कि इस बात की पूरी संभावना है कि 2024 के ओलंपिक खेलों में कंपाउंड स्पर्धा को मिश्रित युगल के रूप में शामिल किया जाए। नैतिक सहमति लगभग बन चुकी और कुछ तकनीकी बाध्यताओं को दूर करना शेष है। जो विधा 2004 में शुरू हुई हो, उसमें आज विश्व कप और एशियाई खेलों समेत कई अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हो रहा है। ये बड़ी उपलब्धि है, आनेवाले वर्षों में कंपाउंड रिकर्व के साथ बराबरी के दर्जे पर खड़ा दिखाई देगा। 2008 में टाटा में कॉमनवेल्थ आर्चरी प्रतियोगिता का आयोजन कर हमने 2010 के कॉमनवेल्थ गेम्स में कंपाउंड को शामिल करवाने में सफलता हासिल की।
स्पोटर्सझारखंड.कॉम : झारखंड में तीरंदाजी की क्या संभावनाएं देखते हैं आप ?
संजीव सिंह : झारखंडियों के रग-रग में खेल दौड़ता है, कभी हॉकी, कभी एथलेटिक्स, कभी फुटबॉल, कभी तीरंदाजी और किसी न किसी खेल में। खेल झारखंड के लोगों के मनोरंजन का पारंपरिक साथी है और वे अपने साथी को खुद से दूर नहीं होने देते। तीरंदाजी की बात करें तो झारखंड में असीम संभावनाएं हैं और उन संभावनाओं को जमीन पर उतारने के लिए झारखंड सरकार भी अच्छा काम कर रही है। जल्द ही सेंटर फॉर एक्सीलेंस सेंटर खुलने जा रहा है। खुशी की बात है कि खेल मंत्री अमर बाउरी जी, पूर्व खेल सचिव राहुल शर्मा जी और वर्तमान सचिव मनीष रंजन जी खुद निजी तौर पर इस प्रोजेक्ट में रूची ले रहे हैं। मैं भी इस सेंटर से मेंटर की कैपिसिटी में जुड़ा हुआ हूं। इसके अलावा 1996 से टाटा आर्चरी अकादमी व 2010 से सिल्ली की बिरसा मुण्डा आर्चरी अकादमी भी काफी बेहतर काम कर रही है, परिणाम सामने हैं। मेरा पूर्ण विश्वास है कि भारतीय तीरंदाजी का स्वर्णिम भविष्य झारखंड के तीरंदाजों के हाथों ही लिखा जाएगा।
स्पोर्टसझारखण्ड.कॉम : तीरंदाज़ी में हम एशियन, कॉमनवेल्थ, वर्ल्ड कप हर जगह पदक जीत रहे, ओलंपिक का सूखा कब समाप्त होगा ?
संजीव सिंह : मेरी समझ कहती है कि 1. Talent Pipeline, 2. Sports Science, 3. Regular Upgradation of Our Coaches और 4. Compitative Exposure पर आनेवाले 4 सालों में ईमानदारी से काम हो तो 2020 टोक्यों में पदक ज्यादा दूर नहीं। मैं थोड़ा विस्तृत रूप से बता देता हूँ।
1. Talent Pipeline : खेलो इंडिया, निजी तीरंदाज़ी अकादमी इसका बेहतर उदाहरण है। युवा तीरंदाजों का एक पूल तैयार हो रहा है जो अपने सीनियर की जगह लेने को तैयार हो प्रदर्शन की बदौलत।
2. Sports Science : खेल मनोविज्ञान, विश्वस्तरीय बायो मेकेनिक्स सुविधाएं, फिज़िकल ट्रेनर, खान-पान की सुविधाएं तीरंदाजों को उपलब्ध करानी होंगी। इसके लिए विदेशी विशेषज्ञों की जरूरत होगी, भारत इस विषय में काफी पीछे चल रहा है।
3. Regular Upgradation of Our Coaches : तीरंदाज़ी में जो सफलता हमें मिली है वो भारतीय कोचों की बदौलत ही मिली है। लेकिन प्रशिक्षण के तौर-तरीकों में हो रहे बदलावों से हमारे कोचों को ससमय अवगत कराना होगा। कोचों को तीरंदाज़ी में अग्रणी देशों में नियत समय के लिए प्रशिक्षण के लिए भेजना या बाहर से प्रशिक्षकों को बुलाकर प्रशिक्षित करना।
4. Compitative Exposure : तीरंदाजी के खिलाड़ियों को लगातार विश्वस्तरीय टीम के साथ द्विपक्षीय, त्रिपक्षीय व बहुपक्षीय खेल प्रतियोगिता में खेलने का अवसर। जरूरत हो विशेष तौर इस तरह के आयोजन कराए जाएं। कमियां सामने आएंगी और उनका निवारण भी होगा।
JSSPS में कैडेट्स का प्रशिक्षण शुरू, सोमवार को 35 कैडेट्स पहुंचे
10 माह बाद ट्रैक पर लौटे एथलिट, U 14 में JSSPS का जलवा बरकार
राज्य में खेल गतिविधियां शुरू कराने की मांग करेगा झारखंड वॉलीबॉल संघ
पियरे डी कौबेर्टिन आफ इंडिया की वार्षिक आम बैठक 30-31 जनवरी को
रांची जिला तीरंदाज़ी संघ के सहयोग से रांची प्रेस क्लब में आर्चरी सेंटर की शुरुआत