Sports Jharkhand
विडंबना : लाडली शिष्या को प्राइजमनी टूर्नामेंट का भी कैश अवॉर्ड दिलवाया और सरिता तिर्की मामले में मान्यता प्राप्त प्रतियोगिता का भी कैश अवॉर्ड रुकवाया
sportsjharkhand.com टीम रांची
20:42:45



झारखंड में चहेते खिलाड़ियों को लाभ दिलाने के लिए खेल प्रशासक दर्जनों प्रतिभावान खिलाड़ियों के सपनों को चूर-चूर करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ते हैं। योग्य होने के बावजूद सरिता तिर्की को कैश अवॉर्ड न मिलना इसकी एक बानगी मात्र है। वर्ल्ड बाउल्स (लॉन बाउल्स की सर्वोच्च संस्था) एशिया पैसिफिक टूर्नामेंट को आधिकारिक तौर पर पूर्ण टूर्नामेंट का दर्जा देती है लेकिन झारखंड लॉन बॉल के सर्वेसर्वा खेल निदेशालय को भ्रमित कर इस टूर्नामेंट को मात्र क्वालीफाईंग टूर्नामेंट बताने पर तुले हुए हैं। दुर्भाग्य है कि खेल निदेशालय के अधिकारी इसी सर्वेसर्वा के जुबानी बात को सही मानकर एक योग्य, संघर्षशील व होनहार खिलाड़ी के हक़ को मारने पर तुले हुए हैं। वर्ल्ड बाउल्स के मान्यता प्राप्त टूर्नामेंट की सूची व सरकार के संकल्प के प्रावधानों के अनुसार सरिता तिर्की को कैश अवॉर्ड मिलना ही चाहिए। खेल निदेशालय व विभाग को अपनी गलतियां सुधारते हुए एक योग्य खिलाड़ी को उसका अधिकार देना चाहिए। 



लाडली शिष्या टीम में शामिल नहीं, इसलिए विभाग को किया भ्रमित



18 से 28 जून 2019 तक ऑस्ट्रेलिया में खेले गए एशिया पैसिफिक टूर्नामेंट के महिला ट्रिपल स्पर्धा में भारतीय टीम के लिए झारखंड की सरिता तिर्की व रूपा रानी तिर्की तथा असम की तान्या चौधरी की तिकड़ी ने भारत के लिए कांस्य पदक जीता था। लेकिन झारखंड लॉन बाउल्स के सर्वेसर्वा की लाडली शिष्या इस टीम में शामिल नहीं थी। इसलिए निदेशालय के अधिकारियों को भ्रमित किया गया। 10 सदस्यीय भारतीय टीम में झारखंड के 4 खिलाड़ी शामिल थे। 




सरिता, रूपा, सुनील व दिनेश सभी कैश अवॉर्ड के योग्य



इस प्रतियोगिता में झारखंड के कुल 4 खिलाड़ी शामिल थे। महिला ट्रिपल में झारखंड की सरिता तिर्की व रूपा रानी तिर्की ने दिल्ली की तान्या चौधरी के साथ मिलकर कांस्य पदक जीता। जबकि पुरुष ट्रिपल में झारखंड के सुनील बहादुर व दिनेश कुमार ने दिल्ली के नवनीत के साथ मिलकर कांस्य पदक जीता। सभी ने ऑनलाइन आवेदन भरा लेकिन सर्वेसर्वा की लाडली शिष्या का नाम इस सूची में शामिल न होना चारों के लिए काल बन गया।





सर्वेसर्वा की अनुशंसा पर लॉन बॉल के तीन खिलाड़ियों को मिला था प्राइज मनी टूर्नामेंट का कैश अवॉर्ड 



sportsjharkhand.com के पास मौजूद दस्तावेज़ बताते हैं कि इसी सर्वेसर्वा की अनुशंसा पर 2011-12 में लॉन बॉल के तीन खिलाड़ियों को एक प्राइज मनी टूर्नामेंट SIME DARBY MERDEKA ASIA PACIFIC LAWN BOWLS TOURNAMENT(देखें तस्वीर) में पदक जीतने के एवज में कैश अवॉर्ड दिए गए थे। एक खिलाड़ी को 3 लाख रुपये व दो अन्य खिलाड़ियों को 2.25-2.25 लाख रुपये मिले थे। 2007 के संकल्प के अनुसार प्राइज मनी टूर्नामेंट के लिए किसी प्रकार का कैश अवॉर्ड देय नहीं है, इसके बावजूद सर्वेसर्वा की अनुशंसा (2016-17 से पहले आवेदन से पहले संबंधित राज्य खेल संघ के पदाधिकारी की अनुशंसा मुहर सहित अनिवार्य थी) पर पुरस्कार की रेवड़ी बांटी गई। पुरस्कार इसलिए बंटी थी की टीम में सर्वेसर्वा की लाडली शिष्या शामिल थी और आज मान्यता प्राप्त प्रतियोगिता में कांस्य पदक विजेता को कैश अवॉर्ड से महरूम किया जा रहा है।


नोट : वे खिलाड़ी जिन्हें प्राइज मनी टूर्नामेंट में कैश अवॉर्ड मिला था वे सभी आज भी खेल के मैदान पर अपना जौहर दिखा रहे हैं इसलिए उनका नाम हम सार्वजनिक नहीं कर रहे।



स्वतंत्रता दिवस की छुट्टियों के बाद

सोमवार को पढ़िए


लॉन बॉल्स के किन-किन खिलाड़ियों के बीच पिछले 12 वर्षों में खेल निदेशालय ने बांट दिए 3.26 करोड़ रुपये और खिलाड़ियों से कितना कमीशन वसूलता था सर्वेसर्वा ?


सिर्फ और सिर्फ sportsjharkhand.com पर