Sports Jharkhand
राष्ट्रीय एथलेटिक्स : नए रिकॉर्ड के साथ धीरज पहाड़ी व आशा किरण बारला ने जीता स्वर्ण, मुकेश-अंशु को रजत
sportsjharkhand.com टीम रांची
09:38:08

sportsjharkhand.com टीम 

रांची


होटवार के डे बोर्डिंग एथलेटिक्स सेंटर के प्रशिक्षु धीरज कुमार पहाड़ी ने तिरुपति में खेली जा रही 16वीं राष्ट्रीय अंतर जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता (NIDM) में U 14 बालक वर्ग का सबसे तेज धावक बनने का गौरव हासिल किया। धीरज ने 11.19 सेकंड का समय निकालते हुए नए मीट रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। पिछला रिकॉर्ड 11.26 सेकंड का था। इसी स्पर्धा का रजत पदक भी झारखंड के ही खिलाड़ी के नाम रहा। हज़ारीबाग़ के मुकेश कुमार ने 11.50 सेकंड का समय निकाल रजत पदक जीता। दोपहर में झारखंड के लिए अंशु कुमार ने 22.84 सेकंड का समय निकालते हुए U 16 बालक वर्ग में रजत पदक जीता। अंशु भी होटवार डे बोर्डिंग सेंटर के प्रशिक्षु हैं। प्रतियोगिता के आखिरी दिन झारखंड ने दो स्वर्ण व दो रजत पदक जीते।

इससे पहले आज सुबह अच्छे फॉर्म में चल रही रांची की जूनियर एथलिट आशा किरण बारला ने U 14 बालिका वर्ग में 600 मीटर में नए मीट रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। JSSPS की एथलेटिक्स अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही आशा ने 1 मिनट 38.01 सेकंड का समय निकाल पिछले रिकॉर्ड को 1.35 सेकंड के अंतर से सुधारा। पिछला रिकॉर्ड 1 मिनट 39.36 सेकंड का था। एथलीटों की सफलता पर उनके कोच समेत झारखंड के ज्यादातर एथलेटिक्स कोचों, एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों व खेल विभाग-निदेशालय के अधिकारियों-कर्मचारियों ने खुशी जाहिर की है।