Sports Jharkhand
...अपनी सोन चिरैया... सीधी साधी, जमीन से जुड़ी, बिना आडंबर के, बिना ताम झाम के हिमा दास...
sportsjharkhand.com टीम रांची
14:37:14

योगेश किसलय

sportsjharkhand.com, रांची

राजनीति, साहित्य, फ़िल्म, क्रिकेट पर बहुत लिखा। आज हिमा दास ने खुशी से रुला दिया।आज उसपर नही लिखना अपनी लिखन्त यात्रा के साथ अन्याय होगा। आप ये वीडियो जरूर देखें। ट्रैक पर गोरो और कालों को पछाड़ती एक ताजी भारतीय हवा। जीत भी ऐसी कि साफ दिखता था फासला। उसके मुकाबिल थी बलिष्ठ गोरी दौड़ाक और काली पहलवान जैसी धावक। इनके बीच अपनी सोन चिरैया हिमा। सीधी साधी, जमीन से जुड़ी, बिना आडंबर के, बिना ताम झाम के हिमा दास। पुरस्कार लेने स्टेज पर गयी तो राष्ट्रगान पर धार धार लोर बहता रहा।देश के लिए ऐसी खुशी हिमा की आंखों से बरबस निकल गया। जब दर्शक दीर्घा से दौड़कर भारतीय तिरंगा लाने गयी तो देश के प्रति उसकी श्रद्धा नमनीय थी। लेकिन राष्ट्रगान के समय निकलते उसके खुशी के आंसू ने तो इधर भी बिना रुलाये नही छोड़ा। दरअसल ये ही लोग हैं जो देश के लिए जज्बा जगाते हैं। इसी बीच किसी नामुराद ने ट्वीट किया कि हिमा अंग्रेजी नही जानती। अच्छा है हिमा अंग्रेजी नही जानती वरना उसकी आँखों में छलकते आंसू में ग्लिसरीन का मिलावट हो जाता। यह खांटी नमकीन आंसू हैं जनाब। जिसकी एक एक बूंद जमीन पर गिरती है और दिगंतो तक उसकी सोंधी महक फैलती है। उसकी चुप्पी में अंग्रेजीदां लोगो के \'यू नो, आई मीन, पर्डेन, आफ्टर आल, एंड एंड एंड\' जैसे बनावटी और बिना काम के शब्द नही है बल्कि गहराई तक जाने वाली राष्ट्रभक्ति का गीत है, खेतो खलिहानों से आने वाली चिडियों की चहक है, धान रोपते महिलाओं के सुर तान हैं, बच्चों को मिलने वाली माँ के भरोसे वाली थपकी है, हिरण की छलांग की सनसनी है। देश और समाज मे बढ़ रहे उन्माद, ईर्ष्या, विश्वासघात, हिंसा के बीच हिमा, तसल्ली का जरिया है। हिमा का शाब्दिक अर्थ भी ठंड का अहसास कराने वाली ही है।  आइये देश की बेटी की आंसुओं में हम अपना भी आंसू मिलाकर खूब लोर बहाए और मन को हल्का कर ले ताकि इस राष्ट्रीय गौरव के पल को ऐल फैल जगह हम दिलो में दिला सके। 

आमीन !


(लेखक झारखंड के वरिष्ठ पत्रकार है और सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक व खेल पर उनकी टिप्पणियां व आलेख लाजवाब होते हैं। उनके FB वॉल से टपाया गया आलेख सिर्फ आपके लिए)