Sports Jharkhand
खेल में दक्षता दिखाने जुटेंगे देश भर के 2500 पुलिसकर्मी
sportsjharkhand.com टीम रांची
14:53:15

sportsjharkhand.com टीम

रांची

देश की आंतरिक सुरक्षा-व्यवस्था को संभालने वाले 2500 पुलिसकर्मियों के हाथों में कलम-लाठी-बंदूक की बजाय आगामी 10 से 14 अक्टूबर तक राजधानी के खेल प्रेमियों को सिर्फ और सिर्फ सर्विस-वाॅली-स्मैश-ड्रिबलिंग-योगा-गोल देखने को मिलेगा। आश्चर्य में पड़ने की जरूरत नहीं रांची में 10 से 14 अक्टूबर तक 66वीं अखिल भारतीय वाॅलीबाॅल क्लस्टर प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है, जिसमें देश भर की 36 राज्य पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की टीमों के 2500 से ज्यादा पुरूष और महिला पुलिसकर्मी अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे। आॅल इंडिया पुलिस स्पोट्र्स कंट्रोल बोर्ड और झारखंड पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में रांची में पांच दिनों तक वाॅलीबाॅल, हैंडबाॅल, बाॅस्केटबाॅल और योगा की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। रविवार को जैप-1 परिसर में आयोजित एक प्रेस वार्ता में जैप के एडीजीपी और आयोजन समिति के संयुक्त सचिव रेजी डुंगडुंग ने उक्त जानकारी दी। प्रेस वार्ता के बाद नवनिर्मित बाॅस्केटबाॅल कोर्ट का भी उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जैप के वरीय अधिकारी समेत आयोजन को सफल बनाने मंे अपना योगदान देनेवाले पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। 

छह जगहों पर होंगी प्रतियोगिताएं

चारों स्पर्धाओं में प्रतियोगिता का आयोजन छह स्थानों पर किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम होटवार स्थित टानाभगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगा वहीं होटवार स्थित गणपत राय इंडोर स्टेडियम, जैप-1, जैप-10, बीआइटी मेसरा, संत जेवियर्स स्कूल और बीआइटी मेसरा में विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। 10 अक्टूबर को सुबह 11 बजे उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि महामहिम राज्यपाल द्रौपदी मुर्मूू होंगी जबकि 14 अक्टूबर को शाम 3.45 बजे समापन समारोह के मुख्य अतिथि खेल मंत्री अमर कुमार बाउरी होंगे। 

आवासन की व्यवस्था सरकार का सहयोग

खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था खेल गांव स्थित साझा के फ्लैट्स और होटवार स्थिति मुख्य स्टेडियम के डोरमेंट्री में किया गया है। इसके अलावा जेएसएसपीएस (राज्य सरकार और सीसीएल का उपक्रम) के वीवीआइपी गेस्ट हाउस में अर्जुना अवाॅर्डी खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था की गयी है। खेल गांव स्थित साझा की खाली पड़ी जमीन पर मेस और डाइनिंग हाॅल बनाया गया है। पता हो कि प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार खाने के मेस की व्यवस्था मेहमान टीम को ही करनी होती है, लेकिन जिन टीमों में खिलाड़ियों की संख्या कम है उनके लिए जैप की ओर से भोजन की व्यवस्था की गयी है। 

सफल आयोजन के लिए विभिन्न कमिटियों का गठन

प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए वरिष्ठ आइपीएस अधिकारियों के नेतृत्व में लगभग एक दर्जन कमिटियों का गठन किया गया है जिससे की कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके। रिसेप्शन कमिटी, आवासन कमिटी, भोजन कमिटी, तकनीकी समिति, पुरस्कार वितरण समिति, उद्घाटन व समापन समारोह आयोजन समिति समेत विभिन्न कमिटियों का गठन किया गया है, जिसमें वरिष्ठ आइपीएस अधिकारियों के अलावा कई वरीय और कनीय अधिकारियों को भी शामिल किया गया है। 


झारखंड पुलिस को पहली बार इतने बड़े आयोजन की जिम्मेवारी मिली है, हम इसे सफलतापूर्वक संपन्न कराने को कटिबद्ध हैं। सभी मेहमान अच्छी स्मृतियों के साथ जाएंगे, ये विश्वास दिलाते हैं। 

रेजी डुंगडुंग, एडीजीपी, जैप