Sports Jharkhand
खुशखबरी : तीरंदाज़ी के सेंटर फॉर एक्सीलेंस के लिए चयन प्रक्रिया शुरू
sportsjharkhand.com टीम रांची
11:36:33

sportsjharkhand.com टीम

रांची

राज्य सरकार की बहुप्रतीक्षित तीरंदाज़ी सेंटर फॉर एक्सीलेंस के लिए युवा एवं प्रतिभाशाली तीरंदाजों की खोज शुक्रवार से शुरू हो गई। रांची के होटवार स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सुबह से चयन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी जी के निधन के बाद घोषित छुट्टी के बाद बने उहापोह की स्थिति के कारण पहले दिन उपस्थिति कम रही। रांची से 6 बालक व 4 बालिका, लोहरदगा से 2 बालिकायें और गुमला से 1 बालक ट्रायल के लिए पहुंचा। 13 युवा सेंटर के मुख्य कोच की देखरेख में चल रही है। होटवार में हो रही चयन प्रक्रिया में रांची, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा व खूंटी जिले के तीरंदाजों की चयन प्रक्रिया चल रही है। तकनीकी पदाधिकारियों डी एस राव, बी एस राव व सरस्वती गंगाधर की देखरेख में चयन प्रक्रिया चल रही है। इस दौरान झारखंड खेल प्राधिकरण (साझा) की चयन समिति में शामिल खेल उपनिदेशक संदीप दोराईबुरु, साझा उपनिदेशक सह खेल विभाग के अवर सचिव वेदरत्न मोहन, मुख्य कोच सह प्रशासक महेंद्र सिंह सरदार, देवेंद्र सिंह व हरेंद्र सिंह मौजूद रहे।


15 नवंबर को स्थापना दिवस के दिन होगा आगाज़

राज्य स्थापना दिवस 15 नवंबर से तीरंदाज़ी का सेंटर फॉर एक्सीलेंस शुरू करने की योजना है। थोड़े-बहुत आधारभूत संरचना का कार्य होना शेष है। खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया शुरू हो गई है और खिलाड़ियों के लिए जरूरी अन्य सामग्रियों को भी प्रोक्योर करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।


32 बालक व 32 बालिका का होना है चयन

पूरे राज्य से रिकर्व, कंपाउंड व इंडियन तीनों स्पर्धा के लिए 5 स्थानों पर होनेवाले ट्रायल के बाद आखिरी रूप से 32 बालकों व 32 बालिकाओं का चयन सेंटर फॉर एक्सीलेंस के लिए किया जाएगा।


कहां और कब होने हैं ट्रायल


18 अगस्त : होटवार, रांची

24-25 अगस्त : चंदनकियारी, बोकारो

30-31 अगस्त : दुमका

5-6 सितंबर : सरायकेला-खरसावां

7-8  सितंबर : कुमारदुंगी, चाईबासा



तीरंदाज़ी को कैरियर बनाने की इच्छा रखनेवाले खिलाड़ियों से आग्रह है कि वे रांची (18 अगस्त)बोकारो, दुमका, सरायकेला-खरसावां व चाईबासा में होनेवाले ट्रायल में हिस्सा लें और अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़े।

संदीप दोराईबुरु, उपनिदेशक, खेल