Sports Jharkhand
ख़िलाड़ियों की सीधी नियुक्ति में स्क्रूटनी कमिटी ने झारखंड की डबल गोल्ड मेडलिस्ट आदिवासी बेटी को किया ना और बाहरी को हां जी हां
sportsjharkhand.com टीम रांची
08:29:40


खेल निदेशालय सीधी नियुक्ति को लेकर  खिलाड़ियों की मनोभावना व भविष्य से क्यों कर रहा खिलवाड़ - भाग 1



ख़िलाड़ियों की सीधी नियुक्ति के लिए बनाई गई स्क्रूटनी कमिटी ने एक ही मापदंड के आधार पर झारखंड की डबल गोल्डमेडलिस्ट बिटिया को योग्य नहीं माना जबकि झारखंड से बाहर के खिलाड़ियों को योग्य बता कमिटी ने हरी झंडी दिखा दी है। शुक्रवार की शाम ज़ारी सूची के 657वें नंबर संगीता खलखो का नाम दर्ज़ है। संगीता ने 2001 के पंजाब राष्ट्रीय खेल व 2002 के हैदराबाद राष्ट्रीय खेल के दौरान मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा 1999 के मणिपुर खेलों में साइकिलिंग का स्वर्ण पदक भी जीता लेकिन स्क्रूटनी कमिटी ने रिमार्क्स में लिखा है


3 Gold Medal In Three National Games, Cycling 1999, Boxing 2001 - 2002 में है, जो अहर्ता के अन्तर्गत आता है परंतु इसका आवासीय , जाति प्रमाण पत्र राजभाषा विभाग के पत्रांक 9650 दिनांक-02.06.2016 के निर्धारित स्थानीय प्रमाण पत्र नहीं है.


क्या दूसरे दौर में चयनित 23 और पहले दौर में चयनित 33 ख़िलाड़ियों का आवासीय व जाति प्रमाण पत्र राजभाषा विभाग के पत्रांक 9650 दिनांक-02.06.2016 के अनुकूल है। sportsjharkhand.com के पास मौजूद दस्तावेज़ बताते हैं कि दूसरे दौर में चयनित 23 खिलाड़ियों में से दो ने आवासीय व जाति प्रमाणपत्र ही जमा नहीं किया जबकि एक ने 2007 का बना आवासीय प्रमाण पत्र जमा किया है। एक ने शैक्षणिक आवासीय दिया है, एक ने ऑनलाइन फॉर्मेट में 


जाति प्रमाण पत्र नहीं दिया है। फिर भी स्क्रूटनी कमिटी ने उन्हें योग्य माना है लेकिन संगीता खलखो को अयोग्य माना। आखिर क्यों ? स्क्रूटनी कमिटी चेहरा देख-देख कर क्यों निर्णय ले रही उन्हें तो दस्तावेज़ देख निर्णय लेना है।




संगीता खलखो ने रिंग में सभी विरोधियों को पंच से किया धरासायी, घर के भेदियों ने ही उसकी 'ग्लव्स जलायी'


स्क्रूटनी कमिटी के दस्तावेज बताते हैं कि 75 किलोग्राम वर्ग में मुक्केबाजी करनेवाली संगीता खलखो सिदगोड़ा, जमशेदपुर की रहनेवाली हैं। उन्होंने 2001 के पंजाब राष्ट्रीय खेल व 2002 के हैदराबाद राष्ट्रीय खेल में संगीता ने अपने पंजे से सभी विरोधियों को बॉक्सिंग रिंग में धराशायी कर स्वर्ण पदक जीत नवसृजित झारखंड का झंडा बुलंद किया था। लेकिन उसे नहीं पता था कि 18 साल बाद जब उसे इनाम मिलने की बारी आएगी तो सरकारी दफ्तर में बैठ रहे बाबू उसके ग्लव्स को ही जला देंगे !




दूसरे दौर में चयनित खिलाड़ियों में से 7 ने आवासीय व जाति प्रमाण पत्र या तो जमा नहीं किया या गलत फॉर्मेट में जमा किया


शुक्रवार की शाम जो सूची जारी की गई है, उसमें 23 खिलाड़ियों को योग्य पाया गया है। इन 23 खिलाड़ियों में से 7 खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने या तो जाति-आवासीय प्रमाण पत्र जमा ही नहीं किया या जमा किया तो वो राजभाषा विभाग के उपरोक्त पत्र के प्रतिकूल है। लेकिन स्क्रूटनी कमिटी ने उन्हें योग्य माना है और उनके नाम के आगे एक नोट लिख दिया है।




पहले दौर के 33 चयनित खिलाड़ियों में से कई के आवासीय-जाति प्रमाण पत्र शक के दायरे में


sportsjharkhand.com के पास इस बात के पुख्ता प्रमाण है कि सीधी नियुक्ति के लिए पहले दौर में चयनित कुल 33 खिलाड़ियों में लगभग एक दर्जन से ज्यादा ख़िलाड़ियों ने जो आवासीय प्रमाण पत्र जमा कराया है जो नियोजन के लिए राजभाषा विभाग के पत्रांक 9650 दिनांक-02.06.2016 के पूर्णतः प्रतिकूल है। sportsjharkhand.com के पास सभी खिलाड़ियों के संबंध में जानकारी है लेकिन हम खेल निदेशालय की तरह किसी भी ख़िलाड़ी की मनोभावना व भविष्य से खिलवाड़ नहीं करना चाहते। इसलिए वैसे ख़िलाड़ियों का नाम सार्वजनिक नहीं कर रहे। निदेशालय के उच्चाधिकारी अगर चाहेंगे तो उन्हें नाम बता दिया जाएगा।



स्क्रूटनी कमिटी के सदस्यों की अयोग्यता के बारे में हमने आलाधिकारियों को किया था आगाह


sportsjharkhand.com ने खेल विभाग के आलाधिकारियों को स्क्रूटनी कमिटी में मौजूद अयोग्य सदस्यों के संबंध में आगाह किया था। क्या कार्रवाई हुई मुझे नहीं पता लेकिन स्क्रूटनी के बाद आई खामियां तो यही बता रही हैं कि अयोग्यता ने अपनी योग्यता सिद्ध कर दी !



बने रहिए हमारे साथ और आज दोपहर में पढ़िए


खेल निदेशालय सीधी नियुक्ति को लेकर खिलाड़ियों की मनोभावना व भविष्य से क्यों कर रहा खिलवाड़ - भाग 2


सिर्फ और सिर्फ sportsjharkhand.com पर