Sports Jharkhand
2018 नहीं, 2017 में होगा IOA का चुनाव, 105 सदस्यों ने SGM के लिए दिया नोटिस
sportsjharkhand.com टीम रांची
17:37:11

sportsjharkhand.com टीम

रांची

गुरुवार की देर रात दिल्ली में आयोजित एक बर्थडे डिनर के बहाने IOA चुनाव का बिगुल फूंक दिया गया है। 28 सितंबर की रात हाॅकी इंडिया के महासचिव मुश्ताक अहमद के जन्म दिवस पर आयोजित एक पार्टी के दौरान 23 राष्ट्रीय खेल संघों और 18 राज्य ओलंपिक संघ से जुड़े  ने संयुक्त रूप जल्द ही IOA का चुनाव की तिथि तय करने के लिए 30 दिन के अंदर SGM बुलाने की मांग अध्यक्ष से की है। बर्थडे डिनर से पहले एक बैठक आयोजित की गयी जिसमें IOA का चेहरा बदलने के एजेंडे के तहत SGM बुलाने के लिए सभी सदस्यों से हस्ताक्षर लिए गए। IOA के 184 में से 105 सदस्यों ने अध्यक्ष एन रामचंद्रन से नियमों के तहत 30 दिनों के अंदर SGM की मांग की है। IOA की वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल फरवरी तक का है लेकिन अब बदली हुई परिस्थितियों में चुनाव नवंबर-दिसंबर में होने के आसार दिख रहे हैं। 

अध्यक्ष पद के दावेदार होंगे नरेन्द्र बात्रा 

बर्थडे डिप्लोमेसी से बाहर आयी तस्वीरें बता रही हैं कि अध्यक्ष पद के एक मजबूत दावेदार इंटरनेशनल हाॅकी फेडरेशन के अध्यक्ष नरेन्द्र बात्रा भी होंगे। तस्वीरों में वे महासचिव राजीव मेहता के साथ विक्टरी सिंबल दिखाते हुए नजर आ रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि बर्थडे डिनर डिप्लोमेसी का आयोजन भी उन्होंने ही किया था। 

अध्यक्ष पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबले के आसार

डिनर डिप्लोमेसी से जो बाते सामने निकल कर आ रही हैं उसके अनुसार एन रामाचंद्रन को हटाने पर तो विरोधी एकजुट हैं लेकिन नरेन्द्र बात्रा के नाम पर जीच जारी है। अध्यक्ष पद के लिए चैटाला परिवार की महत्वकांक्षाएं किसी से छुपी नहीं हैं। इसके अलावा दक्षिण भारत से भी एक उम्मीदवार की प्रबल संभावना हैं। ऐसे में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार बन सकते हैं।  

IOA चुनाव: दुश्मन ऐसे गले मिलते हैं कि गिरगिट आत्महत्या कर ले

IOA के चुनावों के दौरान गिरगिटों को भी दिन में तारे नजर आने लगते हैं। JOA चुनाव के दौरान मई-जून में पानी पी-पीकर आरके आनंद गुट को अवैध बतानेवाले नरेन्द्र बात्रा ने पार्टी में सभी अवैधों को भी आमंत्रित किया था। IOA अध्यक्ष को SGM के लिए लिखे गए पत्रों में भी दुश्मनों ने एकता दिखाते हुए हस्ताक्षर किए हैं।