Sports Jharkhand
JSSPS : बोरे की पैबंद से दिख रहा 40 करोड़ रुपये का विकास !
sportsjharkhand.com टीम रांची
19:13:03

वायदे के अनुसार sportsjharkhand.com टीम आज से राज्य सरकार और CCL के संयुक्त प्रयास से चल रही खेल अकादमियों के नाम पर JSSPS द्वारा की जा रही व्याप्त अनियमितताओं की पोल खोलने जा रहे हैं। पहली कड़ी में पढ़िए ..बोरे की पैबंद से दिख रहा 40 करोड़ का विकास !... शुरूआत हमने वर्तमान से की है, धीरे-धीरे स्याह अतीत की ओर भी जाएंगे। बने रहिए हमारे साथ...


sportsjharkhand.com टीम

रांची

होटवार स्थित स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स स्थित एथलेटिक्स स्टेडियम के दरवाजे पर टूट चुके सीसे की जगह प्लास्टिक की बोरी का पैबंद, टपकती छत, टूटी-उजड़ी सीलिंग, टूटे-बिखरे बिजली के स्वीच बोर्ड-तार, स्टेडियम में जमता पानी, वाॅशरूम में टूटे-बिखरे यूटेंसिल्स-बेसिन, सीपेज, उजड़ते मार्बल-टाइल्स और टनल में महीनों से जमे पानी के मेंटेनेंस और नवनिर्माण के नाम पर पिछले दो वर्षों में कितने रुपए खर्च हुए होंगे ? कोई अनुमान लगा सकते हैं आप ? लगभग 40 करोड़ रुपए ! जी हां 40 करोड़ रुपये। इन 40 करोड़ रुपये में 35 करोड़ रुपये JSSPS/CCL द्वारा खर्च किए गए जबकि लगभग 5 करोड़ रुपये मोमेंटम झारखंड के दौरान रोड़ बनवाने, टाना भगत इंडोर स्टेडियम व्हाइटवाॅश कराने समेत अन्य कार्य करवाने में राज्य सरकार ने खर्च किए। यही नहीं इतने रुपये खर्च होने के बाद मेंटेनेंस के नाम पर भी करोडों रुपये सालाना खर्च हो रहे हैं। स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स के अंदर बागवानी के काम को छोड़ दे तो किसी और दिशा में कोई खास बदलाव नहीं दिखता। किसी भी स्टेडियम में चले जाइये कमोबेश हालात वही मिलेंगे, जो 2015-16 में JSSPS को हैंडओवर करते वक्त थे। किसी भी स्टेडियम का वाॅशरूम दुरूस्त नहीं है, हां मुख्य स्टेडियम में VVIP डाइनिंग हाॅल से जुड़ा वाॅशरूम इसका अपवाद है। बताने की जरूरत नहीं क्यों ? 

बोरे के पैबंद ++++ की रख-रखाव का बजट 14.77 करोड़ रुपये  

JSSPS के दस्तावेजों के अनुसार स्टेडियम के मेंटेनेंस पर अप्रैल 2017 से मार्च 2018 तक 14.77 (14 करोड़ 76 लाख 90 हजार रुपये मात्र) करोड़ रुपये खर्च होने है। 40 करोड़ के निर्माण के बाद दिख रहे बोरे के पैबंद, टूटी हुई यूटेंसिल्स, टूटे बिखरे बिजली के तार, टपकती छतों के अलावा अन्य संसाधनों के मेंटेनेंस पर 14.77 करोड़ रुपये खर्च का प्रावधान किया गया है। बकायदा इसके लिए 21 जून 2017 को गवर्निंग काउंसिल की मंजूरी भी ले ली गयी है। 

सरकार/साझा खर्च करती थी सालाना 3.6 करोड़ रुपये

JSSPS को हैंडओवर करने के पहले स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स के अलावा मोरहाबादी स्थित फुटबाॅल स्टेडियम और सिल्ली स्थिति फुटबाॅल स्टेडियम के रख-रखाव, बागवानी, साफ-सफाई और मेंटेनेंस पर सरकार/साझा (स्पोट्र्स आॅथरिटी आॅफ झारखंड) लगभग 3.6 करोड़ रुपये सालाना खर्च करती थी। मोरहाबादी और सिल्ली के स्टेडियम को छोड़कर JSSPS 14.77 करोड़ रुपये से स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स परिसर का मेंटेनेंस कर रहा है। बजट में इतनी भारी मात्रा में आए बदलाव का कुछ सार्थक परिणाम बागवानी में साफ तौर पर देखने को मिलता, वो भी सिर्फ और सिर्फ मुख्य सड़कों पर। शूटिंग रेंज, वेलड्रोम, इंडोर स्टेडियम के पीछे का भाग, मुख्य स्टेडियम के पीछे का भाग अभी भी झाड़ियों की ओट में छिपा है। 

मेंटेनेंस पर JSCA सालाना 2.43 करोड़ रुपये करता है खर्च 

धुर्वा स्थित JSCA स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स का सालाना मेंटेनेंस का खर्च 2.43 करोड़ है जिसमें मैदान का रख-रखाव, बिजली, अपकिपींग-मेंटेनेंस, जमशेदपुर व रांची का आॅफिस खर्च, फायर सिस्टम, रिपेयरिंग, तनख्वाह, सुरक्षा और पानी की व्यवस्था का खर्च शामिल है। पता हो कि JSCA स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स में मुख्य स्टेडियम के अलावा ओवल ग्राउंड, टेनिस कोर्ट, स्वीमिंग पूल, स्पोट्र्स हाॅस्टल, 26 सुसज्जित कमरें, क्लब, टीटी-बिलियर्डस-स्नूकर जैसे अन्य इंडोर खेल की व्यवस्था भी मौजूद है। JSCA स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स के मेंटेनेंस खर्च (2.43 करोड़) से होटवार स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स के मेंटेनेंस का बजट (14.77 करोड़) छह गुणा से ज्यादा है (JSSPS के मेंटेनेंस में सिर्फ मेंटेनेंस हैं, आॅफिस स्टैब्लिसमेंट खर्च 85.22 लाख रुपये अलग से हैं)। होटवार स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स एक वृहद परिसर है लेकिन JSSPS इसका मेंटेनेंस कैसे कर रहा है ये देखना हो तो शूटिंग रेंज डबल ट्रैप स्टेडियम, वेलोड्रम, अल्बर्ट एक्का कबड्डी-खो स्टेडियम और मुख्य एथलेटिक स्टेडियम के पूर्वी भाग का दौरा कर सकते हैं। एक बार JSCA और होटवार दोनों जगहों का दौरा कर आप खुद-ब-खुद सच्चाई पता कर सकते हैं। पता हो कि JSCA में मेंटेनेंस खर्च इतना होने पर भी कई सवाल उठते रहे हैं।

क्या है JSSPS ?

झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (JSSPS) राज्य सरकार और CCL का संयुक्त उपक्रम है, जिसकी स्थापना होटवार स्थित विश्व स्तरीय संसाधनों का सदुपयोग करते हुए 15 खेल अकादमियों और खेल यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए किया गया है। 19 मई 2015 को कैबिनेट के मंजूरी के बाद 17 जून 2015 को इसके लिए MOU हुआ था। इसके तहत राज्य सरकार के अधिकारियों और CCL के अधिकारियों से गठित काउंसिल ही संचालन करने के प्रति जिम्मेवार/जिम्मेदार है। दो साल के अंदर 15 खेल विधाओं में अकादमियों का संचालन शुरू करना था लेकिन अभी तक लगभग एक दर्जन प्रयास के बाद पांच खेल फुटबाॅल, तीरंदाजी, ताइक्वांडो, कुश्ती और एथलेटिक्स पांच खेलों की अकादमियां ही शुरू हो पायी हैं। अन्य खेलों की अकादमियों को संचालित करने को लेकर JSSPS के कर्मठ अधिकारियों के बीच मंथन का दौर जारी है।