Sports Jharkhand
अंधेर नगरी चौपट राजा, हॉकी के मैदान पर जिला प्रशासन बजायेगा क्रिकेट का बाजा !
sportsjharkhand.com टीम रांची
13:48:41

sportsjharkhand.com टीम

रांची

पिछले तीन सालों के दौरान  स्टेडियम के बीचों बीच बाज़ार का पक्का निर्माण कराने, मैदान को बर्बाद कर टाइम्स स्कवायर बनवाने और कागजों पर लग्गी की कलम से विकास का घांस काटने की अपार सफलता के बाद रांची जिला प्रशासन एक और रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में जुट गया है। ऐसा रिकॉर्ड जो भारतीय टीम का कप्तान रहने के बावजूद ना तो महेंद्र सिंह धौनी बना पाये ना ही सुमराय टेटे-असुंता लकड़ा बना पाईं। शुक्रवार को जिला प्रशासन एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में टर्फ पर दिवा-रात्रि क्रिकेट मैच का आनंद उठाएगा। सुबह से ही प्रशासनिक चाकर अपने आकाओं को खुश करने के लिए टर्फ के ऊपर क्रिकेट पीच बनाने में जुट गए हैं। पिच तो तैयार हो गई लेकिन एस्ट्रो टर्फ मैदान पर क्रिकेट मैच आयोजन को लेकर तीखी प्रतिक्रियाओं का आना शुरू हो गया है। 

खेल पत्रकारों ने इस कृत्य की निंदा की है और इस आयोजन से खुद को दूर रखने की घोषणा भी की है। वहीं झारखंड ओलंपिक संघ के वरीय उपाध्यक्ष अनिल जायसवाल का कहना है कि .. सरकार है स्वविमिंग पूल में भी क्रिकेट मैच का आयोजन करा सकती है... कई और खेल प्रशासकों ने भी इस कृत्य की भर्त्सना की है। मैच के कारण आज शाम में हॉकी के खिलाड़ियों का अभ्यास बाधित रहेगा। विकास की आपाधापी में सर्वस्व न्यौछावर करनेवाले अधिकारियों के लिए खिलाड़ी इतना त्याग तो कर ही सकते हैं।


JSCA की बजाय एस्ट्रो टर्फ हॉकी मैदान में क्रिकेट ? अधिकारियों का स्वागत रेड कार्पेट बिछाकर किया जाना चाहिए। अब पानी मे कबड्डी और रोलर स्केट पर स्वविमिंग देखने की इच्छा है।

एक पूर्व हॉकी प्रशासक (जो पत्रकारों की पिटाई के बाद नाम सार्वजनिक करने से डर रहा है)