Sports Jharkhand
JSSPS : एथलेटिक्स के चीफ कोच मैथ्यू ने दिया इस्तीफा
sportsjharkhand.com टीम रांची
22:54:40

sportsjharkhand.com टीम

रांची

झारखंड राज्य खेल प्रोमोशन सोसाइटी (JSSPS) में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा। पिछले तीन महीनों में तीन प्रशिक्षकों व सहायकों ने विभिन्न कारणों से अपना इस्तीफा सौंप दिया है। ताज़ा इस्तीफा एथलेटिक्स के मुख्य कोच मैथ्यू का है जिन्होंने अपने खिलाफ लगे आरोपों की जांच से पहले ही इस्तीफा सौंप दिया है। मैथ्यू सहायक कोचों के साथ एथलेटिक्स के कैडेटों को हाई एल्टिट्यूड ट्रेनिंग के लिए नेतरहाट में थे, वहीं पर उन्हें प्रबंधन की ओर से शो-कॉज़ किये जाने की जानकारी दी गई। दो-तीन दिनों के मंथन के बाद मैथ्यू ने सोमवार की सुबह अपना इस्तीफा सौंप दिया। जानकारी मिल रही है कि मैथ्यू की सहायक कोच रही अनुपमा श्रीवास्तव ने भी JSSPS को टाटा-बाई बाई कर दिया है। इससे पहले ताईक्वांडो की सहायक ने भी लगभग तीन माह पहले JSSPS के गैर पेशेवर  कार्यप्रणाली से नाराज़ होकर इस्तीफा दे दिया था।

5 माह पहले यौन हिंसा की धमकी मामले में ही मैथ्यू की चली जाती नौकरी, तब आकाओं ने बचाया था

मैथ्यू ने पिछले ढाई सालों में अपने गैर प्रशिक्षण कार्यों के कारण JSSPS में दर्जनों दुश्मन तैयार कर लिए थे। लगभग 5 माह पहले JSSPS से जुड़ी एक महिला के साथ कार्यस्थल पर मौखिक यौन उत्पीड़न व यौन हिंसा की धमकी देने के मामले में जांच कमिटी ने मैथ्यू को बचा लिया था अन्यथा उनकी नौकरी उसी वक़्त चली जाती। LMC से जुड़े दो लोगों ने तब मामला रफा-दफा कर दिया था। कैडेट्स को जबरदस्ती प्रोटीन सप्पलीमेंट देने का मामला हो या सेना के जवानों को एम-वे प्रोडक्ट बेचने का मामला हो या कैडेट्स से पैसे वसूलकर जूता खरीदने का मामला हो या सार्वजनिक तौर पर  झारखंडवासियों को गाली देने का हो या शाम होते ही अंगूर की बेटी के प्रभाव में आकर साथियों को परेशान करने का। सभी मामलों में मैथ्यू को LMC के दो लोगों ने बचाया।

छुट्टी पर जाईये, वापस मत आईये
sportsjharkhand.com को जानकारी मिली है कि मैथ्यू की सम्मानजनक विदाई की भूमिका तैयार कर ली गई है। इस्तीफा दिये जाने के बाद भी अभी उसे स्वीकार नहीं किया गया है और मैथ्यू को LMC ने लंबी छुट्टी पर भेजने का फैसला लिया है। उन्हें छुट्टी दे दी गई है और कह दिया गया है कि उधर ही रह जाइएगा इधर आने की जरूरत नही है। वैसे एक ग्रुप मैथ्यू को बचाने का असफल प्रयास भी करता हुआ दिखाई दे रहा है।

संडे को मुर्गा खिलाईये, नौकरी बचाईये !
JSSPS में एक कहावत है कि अगर आपको अपनी नौकरी सुरक्षित रखनी है तो एक खाऊ-पकाऊ पदाधिकारी को रविवार को मुर्गा खिलाना ही होगा। अगर मुर्गा नहीं खिलाया तो प्रतिकूल परिणाम के लिए तैयार रहिये। ये पदधिकारी रविवार को कैडेटों से भले ही ना मिलें लेकिन एक-दो शागिर्दों के साथ मुर्गा की टंगड़ी खाने ज़रूर पहुंच जाता है। मैथ्यू ने भी एक-दो बार मुर्गा की टंगड़ियों के साथ अंगूर की कैन्टीनवाली बेटियों का इंतज़ाम किया था तभी गंभीर आरोपों के बावजूद नौकरी बची थी।