Sports Jharkhand
मेहनत ब्रदर क्लेफ की... मुहर जेएसएसपीएस की !
sportsjharkhand.com टीम रांची
13:18:28

sportsjharkhand.com टीम

रांची

बचपन (80 के दशक) में एक चुटकुला सुना था। आप भी सुन लीजिए फिर खबर का रूख किया जाएगा। रूस, अमेरिका और भारत के एक-एक नागरिक को जंगल में चाकू के साथ छोड़ दिया गया और कहा गया कि आप तीनों मिलकर 10 दिन में एक हाॅकी स्टिक बनाइये। रूस के नागरिक ने बड़ी मेहनत के साथ एक पेड की टहनी काटकर सप्ताह भर की लगातार मेहनत के बाद एक शानदार हाॅकी स्टिक बना दी। हाॅकी स्टिक बनने के बाद अमेरिका के नागरिक का आत्मसम्मान जागा और उसने पेड़ की छालों व अंगूर की बेलों से हाॅकी स्टिक की ग्रीप बनाई और खूबसूरती से सजा डाला। अब भारतीय नागरिक के पास एक दिन का वक्त बचा था और स्टिक में कुछ काम नहीं नजर आ रहा था, सो उसने दिमाग की बत्ती जलाई और चाकू से हाॅकी स्टिक पर मेड इन इंडिया का ठप्पा लगा डाला ! 

गुरुवार की शाम व्हाट्सएप्प ग्रुप व मेल में ऐसी ही एक खबर और तस्वीर देखकर चुटकुला बरबस ही याद आ गया। खबर थी कि झारखंड राज्य खेल प्रोत्साह सोसायटी (जेएसएसपीएस) की कैडेट आशा किरण का चयन गेल इंडियन स्पीडस्टार के लिए हुआ है, जिसमें पूरे देश भर से मात्र 10 खिलाड़ियों का चयन हुआ है और ये झारखंड, जेएसएसपीएस व एथलेटिक्स के लिए बहुत ही अच्छी खुशखबरी है। खुशखबरी तो है झारखंड खेल परिवार और एथलेटिक्स के लिए इसे कौन इनकार कर सकता है लेकिन प्रथम दृष्ट्या सब कुछ सही नजर आनेवाला ये पोस्ट सुबह-सुबह समाचार पत्रों में अपनी तस्वीर देखने के आतुर लोगों द्वारा किया गया कृत्य-कुकृत्य का एक उदाहरण मात्र नजर आता है। sportsjharkhand.com व्हाट्सएप्प पर मिली खबरों को पोस्टआॅफिस की तरह प्रचारित-प्रसारित-हस्तांतरित नहीं करता इसलिए हमने इसकी तह में जाने की कोशिश की है। एक दिन देर से ही सही लेकिन पोस्ट के पीछे छुपी स्याह हकीकत को हम आपके सामने ला रहे हैं।

सच क्या है ?

1.आशा किरण और उनकी बड़ी बहन फ्लोरेंस दोनों मई 2018 के पहले सप्ताह में जेएसएसपीएस से जुड़ीं

2.इससे लगभग तीन माह पहले 2 फरवरी को होटवार रांची के मेगा स्पोट्र्स काॅम्प्लेक्स व 20 से 22 फरवरी 2018 को दिल्ली के त्यागराज स्पोट्र्स काॅम्प्लेक्स में आयोजित ट्राॅयल के बाद 22 फरवरी की शाम को ही आशा किरण आखिरी रूप से चयनित हो गई थीं।

3.देश के यशस्वी खेल मंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौर 22 फरवरी 2018 को दिल्ली के त्यागराज स्पोट्र्स काॅम्प्लेक्स में एनवाइसीएस-गेल रफ्तार के तीसरे सत्र के ट्राॅयल के बाद देश भर से चुने गए 11 खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देने के लिए स्वयं मौजूद थे। 

4.गेल इंडियन स्पीडस्टार के तहत पहले से प्रशिक्षणरत 14 एथलिटों के साथ ही नवचयनित 11 एथलिटों के प्रशिक्षण, विदेशी कोच, मेंटल कंडिशनिंग, उसैन बोल्ट-योहान ब्लैक की नर्सरी किंग्सटन के रेसर्स ट्रैक क्लब में प्रशिक्षण आदि की व्यवस्था गेल अपने सीएसआर फंड से करता है।

5.खिलाड़ियों को चयनित करनेवाली समिति में पीटी उषा, श्रीराम सिंह शेखावत, रचिता मिस्त्री, अनुराधा विश्वाल एवं कविता राउत जैसी एथलेटिक्स की महान विभूतियां शामिल थी। 

6.देश के पिछड़े, जनजातीय इलाकों व नार्थ इस्ट के 120 जिलों में 12 से 17 साल के 1.40 लाख बच्चों के ट्राॅयल लिए गए। इनमें से चयनित 3500 बच्चों का क्षेत्रिय स्तर पर 20 जगह ट्राॅयल लिए गए। इनमें से 20 से 22 फरवरी को हुए आखिरी ट्राॅयल के लिए 243 बच्चों दिल्ली बुलाया गया।

7.आखिरी रूप से चयनित 11 एथलिटों साक्षी चवन, नियोला अन्ना, गौतमी शेट्टी, वर्षा चैधरी व आशा किरण (सभी अंडर 14 बालिका), हुजुआफा कसर ( अंडर 14 बालक), एसी सोजन व डांडी ज्योतिका (सभी अंडर 17 बालिका) तथा अभिन्न देवादीज, मोहम्मद सफमान व डी धनुष कुमार (सभी अंडर 17 बालक) को प्रथम चरण के प्रशिक्षण के लिए धर्मशाला में 1 जून को रिपोर्ट करना है।

8.गेल सिर्फ और सिर्फ 100 मीटर, 200 मीटर व 400 मीटर दौड़ से जुड़े एथलिटों का ही चयन करता है। 2015-16 में 8 और 2016-17 में 6 एथलिटों का चयन किया गया था, जिनका प्रशिक्षण चल रहा है। 

सच्चाई जानने के बाद उठे सवाल 

1.राज्य सरकार द्वारा संचालित संत जॉन्स स्कूल, नावाटांड़, लापुंग, रांची के एथलेटिक्स डे बोर्डिंग सेंटर की प्रशिक्षु के रूप में जब आशा किरण का चयन 22 फरवरी 2018 को ही गेल इंडियन सुपस्टार सत्र 3 के लिए हो गया था, तो मीडिया व सीसीएल के वरीय अधिकारियों को 24 मई 2018 को चयन होने की जानकारी क्यों दी गई ?

2.क्या ये सच नहीं है कि आशा किरण व उसकी बहन फ्लोरेंस मई में जेएसएसपीएस से जुड़ी ? जबकि आशा किरण का चयन 22 फरवरी को ही हो चुका था ?

3.क्या सिर्फ अखबारों/वेबसाइटों/समाचारों चैनलों/व्हाट्सएप्प ग्रुप्स/सोशल साइट्स पर अपनी और अपने आलाकमान की तस्वीरें चस्पा करने के लिए जानबूझकर ऐसा किया गया ?

4.वरीय अधिकारियों को गलत फीडबैक और जानकारी क्यों और किस मंशा के साथ दी जा रही है ?

5.जानकारी के साथ दो तस्वीरे भी दी गई थीं, एक तस्वीर में आशा किरण के स्वयंभू कोच मैथ्यूज नजर आ रहे हैं। मैथ्यूज को पूरी जानकारी थी कि आशा का चयन फरवरी में ही हो चुका है फिर मीडियाकर्मियों को गलत जानकारी क्यों दी गई ?


वरीय अधिकारियों की भद्द क्यों पिटवाने पर तुले हैं लोग ?

जेएसएसपीएस के जुड़े कुछ लोग जाने-अनजाने अपने कृत्यों-कुकृत्यों से आलाधिकारियों की भद्द पिटवाने पर तुले हुए हैं। ये तो मात्र एक उदाहरण है। इससे पहले भी जेएसएसपीएस से जुड़े कनीय लोगों द्वारा आलाधिकारियों को कई बार दिगभ्रमित करने का प्रयास किया गया, जिसको लेकर कई शो-काॅज पूछे जा चुके हैं लेकिन अपनी आदतों से बाज आने का नाम नही ले रहे। 

ब्रदर क्लेफ टोप्पो के जज्बे को सलाम

संत जॉन्स स्कूल, नावाटांड़, लापुंग, रांची के डे बोर्डिंग सेंटर के कोच ब्रदर क्लेफ टोप्पो के जज्बे को sportsjharkhand.com का सलाम। ब्रदर क्लेफ टोप्पो ने ही दो साल पहले कामडारा, गुमला में पारिवारिक परेशानियों से जूझ रही आशा किरण व फ्लोरेंस को हाॅकी खेलते हुए देख उनमें छुपी खेल प्रतिभा को पहचाना और उसे अपने साथ नावाटांड़ सेंटर ले आए। दोनों बहने नेचुरल एथलिट हैं और 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में उनकी टाइमिंग शानदार है। दो साल के प्रशिक्षण के दौरान ही दोनों बहनों ने राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। आशा व फ्लोरेंस की प्रतीभा को देखते हुए ब्रदर क्लेफ ने स्वयं जेएसएसपीएस से 2017 के आखिरी महीनों में संपर्क किया और दोनों बच्चों को खेल अकादमी में रखने का निवेदन किया। इसके बाद कागजी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए छह माह से ज्यादा का वक्त गुजर गया अंततः मई के पहले सप्ताह में दोनों बहने जेएसएसपीएस से जुड़ीं। 


झारखंड के अति पिछड़े जनजातीय ग्रामीण इलाकों से खेल प्रतिभाओं को तलाशने व तराशने के काम से मुझे आत्मीय खुशी मिलती है और इस खुशी को कौन प्राप्त नहीं करना चाहेगा।

ब्रदर क्लेफ टोप्पो, शिक्षक सह एथलेटिक्स प्रशिक्षक