sportsjharkhand.com टीम रांची रांची
1. क्या आप तीसरे तल्ले (3rd Floor) पर स्थित कमरे या कुर्सी तक कार व बाइक पर सवार होकर एडवेंचरस और एक्साईटेड राइड का मज़ा उठाना चाहते हैं ?
2. क्या आप तीसरे तल्ले पर अपनी कार पार्क करना चाहते हैं ?
3. क्या आप तीसरे तल्ले तक 60 की स्पीड पर सेल्फी लेते हुए एडवेंचरस राइड का मज़ा लेना चाहते हैं ?
4. क्या आप स्टेडियम के टॉप फ्लोर पर कुर्सियों के बीच बाइक चलाने का आनंद उठाना चाहते हैं ?
5. क्या आप 40 फुट की ऊंचाई तक स्टंट करते हुए नीचे से ऊपर और ऊपर से नीचे मौत का कुआं जैसा आनंद उठाना चाहते हैं ?
उपरोक्त पांचों ऑप्शन में से कोई एक, दो, तीन, चार या पांच ऑप्शन पसंद हो तो आप सीधे चले आईये होटवार स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के टॉवर नंबर एक पर। आपको कोई रोकने-टोकने वाला नहीं मिलेगा। आप अपनी गाड़ी पार्क करें या स्टंट कोई नहीं पूछेगा, क्योंकि लगभग 150 सुरक्षाकर्मियों में से ज्यादातर सुरक्षाकर्मी JSSPS के LMC के सदस्यों ने अपने लिए बुक कर लिए हैं। किसी सुरक्षाकर्मी को तेरी आँखों का ये काजल गाने पर कमर मटका-मटका कर डांस करने के लिए रखा गया है तो किसी सुरक्षाकर्मी की पोस्टिंग LMC के कर्ता-धर्ता के साथ ब्लैक कॉफ़ी/ग्रीन टी का लुत्फ उठाने के लिए किया गया है। इसलिए अपने स्टंट का मज़ा लीजिये, गाड़ी पार्क कीजिये और निकल जाईये।
सइयां भए LMC, अब डर काहे का
ख़बर के साथ दी गई तस्वीर में जो कार आप देख रहे हैं, वो कार टॉवर नंबर 1 के दो तल्ले पर पार्क की गई है। धूल ना लगे इसलिए बाकायदा पर्दे से कवर कर के ढंका गया है। रविवार को जब CCL के CMD सहित सभी आलाधिकारी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में मौजूद थे और सुरक्षा प्रहरी मुस्तैद उसी वक़्त एक बाइक सवार टॉवर नंबर 1 पर स्टंट करते हुए चढ़ गया। बाइक का शोर सुन जब sportsjharkhand.com की टीम पैदल ही दूसरे तल्ले पर पहुंची तो इस कार का दीदार हुआ। बताया जाता है कि ये कार स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बागवानी का काम देखनेवाले जायसवाल जी का है। जायसवाल जी काफी काबिल हैं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के सामने बागवानी चकाचक और पिछवाड़े में भगवान मालिक है। अफसरों के घरों पर बागवानी की निःशुल्क सेवा देकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पिछवाड़े को पिछड़ा बना रखा है। जब अफसर कब्जे में हैं तो दूसरे तल्ले पर निःशुल्क पार्किंग तो बनती ही है। जायसवाल जी का शुक्रिया की आपने मुख्य स्टेडियम के मुख्य द्वार से प्रवेश करते हुए पहले तल्ले पर स्थित विविआईपी एरिया में अपनी गाड़ी पार्क नहीं की। वो भी तो आपही का है !
तीसरे तल्ले पर कुर्सियों के सामने लॉबी/पैसेज पर बाइक दौड़ाते मिले स्टंटबाज़
जब हमारी टीम तीसरे तल्ले पर पहुंची तो तीन स्टंटबाज़ बाइक चलाते हुए सेल्फी लेते हुए मिले। पूछा क्यों आये हो, बाइक चलाने की जगह है तो बोले कि दो-तीन बाइक आई थी तो हम भी चले आए। डांट-डपट कर निचे उतारा। आंखे तरेरते हुए सभी नीचे उतरे।
दुर्घटना होगी तो जिम्मेवारी कौन लेगा ?
कार और बाइक जब तीसरे तल्ले तक जा रही है तो दुर्घटना की आशंका को खारिज़ नहीं किया जा सकता। अगर दुर्घटना हुई तो जिम्मेवारी कौन लेगा ? LMC के लोग अपनी अकर्मण्यता से दुर्घटना को आमंत्रण क्यों दे रहे हैं ? दुर्घटना घटे उससे पहले जागने की जरूरत है। जगाने का काम 555 करता रहेगा, जब तक आप जाग ना जाएं ?
पूरे विषय पर आपसे ही जानकारी मिली है। सुरक्षा में चूक का गंभीर मामला है, दोषी सुरक्षाकर्मियों और एजेंसियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसका भरोसा दिलाता हूं।
विक्रांत मल्हान, प्रशासनिक सचिव, LMC
JSSPS में कैडेट्स का प्रशिक्षण शुरू, सोमवार को 35 कैडेट्स पहुंचे
10 माह बाद ट्रैक पर लौटे एथलिट, U 14 में JSSPS का जलवा बरकार
राज्य में खेल गतिविधियां शुरू कराने की मांग करेगा झारखंड वॉलीबॉल संघ
पियरे डी कौबेर्टिन आफ इंडिया की वार्षिक आम बैठक 30-31 जनवरी को
रांची जिला तीरंदाज़ी संघ के सहयोग से रांची प्रेस क्लब में आर्चरी सेंटर की शुरुआत