Sports Jharkhand
JSCA मैनेजमेंट कमिटी की बैठक 27 को, एजेंडे में AGM व चुनाव का जिक्र तक नहीं
sportsjharkhand.com टीम रांची
10:50:39

sportsjharkhand.com टीम

रांची


झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की मैनेजमेंट कमिटी की तीसरी बैठक 27 अगस्त को रांची स्थित JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम परिसर में होगी। इस बैठक के निमित्त पत्र सचिव देवाशीष चक्रवर्ती उर्फ पिंटू दा की ओर से जारी किया गया है (देखें तस्वीर)। सबसे खास बात है कि COA के 14 सितंबर तक चुनाव करा लेने के निर्देश के प्रतिकूल मैनजमेंट कमिटी 27 को होनेवाली बैठक में चुनाव के विषय पर कोई चर्चा नहीं करेगी। बैठक के लिए मात्र तीन एजेंडे रखे गए हैं, जो निम्नवत हैं


1. पिछली बैठक के मिनट्स को कन्फर्म करना


2. SC द्वारा नियुक्त COA द्वारा निर्देशित JSCA के अंतिम रूप से तैयार रूल्स-रेगुलेशन पर चर्चा


3. चेयर की अनुमति से अन्य किसी मुद्दे पर चर्चा




चुनाव के लिए निर्वाचन पदाधिकारी नियुक्त हुई लेकिन एजेंडे में चुनाव नहीं


JSCA मैनेजमेंट कमिटी और JSCA के काम करने में तारतम्यता का साफ अभाव दिख रहा है। COA के निर्देश के आलोक में निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में शिव बसंत की नियुक्ति सचिव के द्वारा कर दी गई है लेकिन COA के 14 सितंबर तक चुनाव करा लेने के निर्देश पर मैनेजमेंट कमिटी कोई चर्चा नहीं करेगी। कम से कम एजेंडे से तो ये बात साफ हो जाती है। लेकिन मैनेजमेंट कमिटी COA द्वारा निर्देशित JSCA के अंतिम रूप से तैयार रूल्स-रेगुलेशन पर वृहत रूप से चर्चा करेगी। चित भी मेरी पट भी मेरी पर चलते हुए COA के एक निर्देश पर चर्चा होगी और दूसरे पर गहरी चुप्पी।



नियमतः 31 अगस्त तक AGM करना था JSCA को


JSCA के रूल्स-रेगुलेशन जो 23 सितंबर 2018 के SGM में पारित हुए थे। उनके अनुसार JSCA का AGM किसी भी हालत में 31 अगस्त तक हो जाना चाहिए लेकिन जब मैनेजमेंट कमिटी ही 27 को बैठेगी तो AGM की चर्चा बेमानी है। कितने आश्चर्य की बात है JSCA अपने ही संविधान के प्रावधानों का उल्लंघन कर रहा है और ये सब हो रहा है SC, SC द्वारा नियुक्त COA और उसके निर्देशों के बीच।


मुझे आपसे ही जानकारी मिल रही है कि 27 अगस्त को बैठक है। सीनियर सदस्यों को जानकारी दी गई होगी, हमलोग तो मैनेजमेंट कमिटी के छोटे लोग हैं।

मैनेजमेंट कमिटी का एक पदाधिकारी/सदस्य (नाम नहीं छापने की शर्त पर)