Sports Jharkhand
BCCI का आदेश नहीं मानता RDCA-JSCA, जबकि तीनों जगह अमिताभ मौजूद
sportsjharkhand.com टीम रांची
21:07:34

sportsjharkhand.com टीम

रांची/धनबाद

क्या कोई ज़िला या राज्य क्रिकेट संघ BCCI के आदेशों को धता बताते हुए अपनी मनमर्जी कर सकता है ? BCCI की हैसियत देखते हुए शायद ना ! लेकिन BCCI के संयुक्त सचिव अमिताभ चौधरी की सरपरस्ती में चल रहे रांची ज़िला क्रिकेट संघ (RDCA) और झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) ऐसा कर रहा है। BCCI के आदेशों की धज्जियाँ उड़ाते हुए JSCA धनबाद में अंतर ज़िला U-19 एलिट ग्रुप प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। कम आयुवर्ग में बड़े उम्र के खिलाड़ियों के लगातार पकड़े जाने की शिकायतों के बाद BCCI ने 2016-17 सत्र के लिए सभी सम्बंधित राज्य व अन्य खेल संघों को मेल किया था। JSCA के कर्मठ पदाधिकारियों की कुशलता  के कारण यह मेल इनबॉक्स में अंडे देता रहा। अब अंडे की सड़ांध BCCI के आदेश पर भारी पड़ रही है।

क्या है पूरा मामला ?

JSCA के मानद सचिव के 6 मार्च डेट से जारी अहस्ताक्षरित पत्र ज़िला संघों को मेल किया गया। इसमें एलिट ग्रुप की प्रतियोगिता के नियम और खेल प्रक्रिया की जानकारी दी गयी थी। जिसमें पहला पॉइंट है

Age limit of the players......

Players born on or after 01.09.1998 are eligible to participate in this tournament.....

....The Birth Certificate furnished by players shall only stand valid if it is issued within two years from the date of birth and therefore any birth certificate issued after two years from the date of birth shall not be entertained.

No player shall be allowed to participate in this tournament without above documents.

इस पहले क्लाज़ को अगर सख्ती से लागू किया जाता तो दो माह देर से हो रही प्रतियोगिता को टालना पड़ता। तो आयोजकों ने BCCI के नियमों को ताक पर रखा और प्रतियोगिता का आयोजन बदस्तूर जारी है।

रांची के 4 ओवरएज खिलाड़ी निकाले गए, चयनकर्ता को ही बना दिया कोच-मैनेजर

धनबाद में रांची U-19 टीम के 4 खिलाड़ियों को ओवरएज पाए जाने के आरोप में टीम से बाहर कर दिया गया। लेकिन इसके बावजूद ओवरएज पाए गए एक खिलाड़ी आशीष कुमार को मैच में खेलने की इज़ाजत दी गयी। आशिष के अलावा अर्पित, शुभम और इफ्तेखार आदिल को बाहर किया गया है। इसके अलावा कई और खिलाड़ियों पर बाहर होने की तलवार लटक रही है। यही नहीं लगभग दो माह तक रांची U-19 टीम की चयन प्रक्रिया के बाद 4 ओवरएज खिलाडियों को शामिल करने में शामिल गौरव कुमार सिंह पन्ना को ही टीम का मैनेजर सह कोच बना दिया गया। RDCA को इस कृत्य के लिए पुरस्कार तो बनता है।

रांची टीम का एक भी खिलाड़ी योग्य नहीं : कोच+मैनेजर

sportsjharkhand.com की टीम ने जब इस संदर्भ में रांची टीम के कोच सह मैनेजर गौरव कुमार सिंह पन्ना से बात कि तो उन्होंने साफ़-साफ़ कहा कि रांची टीम का एक भी खिलाड़ी इस योग्यता को पूरा नहीं करता। ऐसे में हमें वॉक ओवर देना पड़ता। इसलिये नियम में शिथिलता दी गयी है।

BCCI संयुक्त सचिव+JSCA  पूर्व अध्यक्ष/आजीवन सदस्य+RDCA चेयरमैन = अमिताभ चौधरी

मामला संगीन इसलिए है कि BCCI के संयुक्त सचिव अमिताभ चौधरी JSCA के पूर्व अध्यक्ष और आजीवन सदस्य तथा RDCA के चेयरमैन भी हैं। ऐसे में सवाल तो बनता है कि जब BCCI के कर्ता-धर्ता ही नियमों की धज्जियाँ उड़ाएं तो मानेगा कौन ? जब व्यक्ति अपने कृत्यों-कुकृत्यों से किंकर्तव्यविमूढ़ हो जाता है तो इस तरह की गलतियां होती रहती हैं।